बाराबंकी : दो दिन की राहत के बाद फिर बिगड़ा मौसम, हल्की बूंदाबांदी से बढ़ गई ठंड
बाराबंकी, अमृत विचार। जिले में हल्की बारिश होने के बाद ठंड बढ़ गई है। दो दिन धूप निकलने से मिली राहत के बाद मौसम फिर बिगड़ गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तेज बारिश बारिश होने का अनुमान है। कड़ाके की ठंड से दो दिन राहत मिलने के बाद रविवार को मौसम बिगड़ गया। सुबह हुई हल्की बारिश से शीतलहर तेज हो गई। इससे पहले शनिवार देर शाम को मौसम का मिजाज बदलने लगा था। काले घने बादलों से गलन बढ़ गई। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में बारिश हो सकती है।
शनिवार सुबह से ही मौसम साफ था। तेज धूप से सुबह ठिठुरन भी कम थी। दिन में तेज हवा चल रही थी। बीच-बीच में बादलों की आवाजाही रही। शनिवार को अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में दो डिग्री की बढ़ोतरी और न्यूनतम तापमान में दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। चटख धूप की वजह से वातावरण में नमी का स्तर भी कम हो गया। सुबह नमी का स्तर 70 फीसदी दर्ज किया गया और शाम को 62 फीसदी रही। हवा की गति दस से 15 किलोमीटर प्रति घंटा पश्चिम से पूरब दिशा में रही। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार रविवार और सोमवार को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इससे रविवार को बारिश हुई है। इसके बाद मौसम साफ होगा और दिन में ठंड का असर भी कम हो जाएगा।
ये भी पढ़ें -Video Lucknow triple murder : मलिहाबाद कोतवाली पहुंचे मृतकों के परिजन, कहा-आरोपियों पर हो कड़ी कार्रवाई
