गोंडा: मोदी सरकार ने किया मजबूत बुनियादी ढांचे का निर्माण, डॉ. दिनेश शर्मा ने गिनाई केंद्र सरकार की उपलब्धियां
गोंडा, अमृत विचार। प्रदेश के पूर्व डिप्टी सीएम व राज्यसभा सांसद डा दिनेश शर्मा ने रविवार को जिले में प्रेस वार्ता कर केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनायीं। डॉ. शर्मा ने कहा कि विकास योजनाओं का बखान करते हुए कहा कि मोदी सरकार ने देश की आर्थिक वृद्धि बढ़ाने के लिए बड़े पैमाने पर मजबूत बुनियादी ढांचे का निर्माण किया है। अपने पूरे कार्यकाल में सरकार ने महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास पर काफी जोर दिया है।
साथ ही पिछले एक दशक के कार्यकाल में निरंतर यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया है कि देश के विकास के केंद्र बिंदु पर बना रहे। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता हमेशा मोदी सरकार के सुशासन मॉडल का एक प्रमुख पहलू रही है। यह सरकार न्यूनतम सरकारी हस्तक्षेप और अधिकतम शासन के मार्ग पर कार्य करती है। सुशासन का यह मॉडल मूल रूप से हर चीज के केंद्र में आम नागरिक को रखता है। इस मॉडल के आधार पर करदाता अब फेसलेस मूल्यांकन की सेवा का आनंद ले रहा है।
राज्यसभा सांसद डा दिनेश शर्मा रविवार को गोंडा दौरे पर थे। पूर्व डिप्टी सीएम ने देवीपाटन मंडल क्लस्टर योजना अंतर्गत गोंडा, बलरामपुर, बहराइच एवं श्रावस्ती जनपदों से आए लोकसभा विस्तारकों एवं विधानसभा विस्तारकों के साथ भारतीय जनता पार्टी कार्यालय पर बैठक की और युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, पिछड़ा मोर्चा, किसान मोर्चा, अनुसूचित मोर्चा एवं अल्पसंख्यक मोर्चा सहित भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाये जा रहे सभी अभियानों की समीक्षा की।

डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि मोदी सरकार ने राज्यों के विकास के लिए आकांक्षी जिला कार्यक्रम जैसे कार्यक्रमों को लागू करने का आग्रह करके लगातार संघवाद का समर्थन किया है। उन्होने कहा कि गरीब,अन्नदाता, युवा और नारी समाज के सभी वर्गों को राष्ट्र की सफलता की कहानी में योगदान देना होगा।
केंद्र सरकार के अंतरिम बजटकी तारीफ करते हुए डा शर्मा ने कहा कि यह अंतरिम बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाता है। साथ ही अगले 23 वर्षों के लिए दिशा निर्धारित करता है जब भारत स्वतंत्रता की एक शताब्दी मनाएगा।
उन्होने कहा कि भारत को 2014 से पहले की नाजुक अर्थव्यवस्था से आर्थिक प्रबंधन में विश्व नेता बनने के मोदी सरकार के प्रयासों को रेखांकित करने के लिए एवं साथ ही साथ कुप्रबंधन के पिछले दौर से सबक लेने के लिए संसद के समक्ष एक श्वेत पत्र रखा जायेगा। यह सरकार के मजबूत बुनियादी ढांचे के निर्माण का ही परिणाम है कि आज देश में हवाई अड्डे की संख्या बढ़कर 149 पहुंच गई है।
इस बैठक में जिलाध्यक्ष अमरकिशोर कश्यप, मीडिया प्रभारी राघवेंद्र ओझा पट्टू, पूर्व जिला अध्यक्ष रमाकांत तिवारी, अकबाल बहादुर तिवारी, प्रदेश कार्य समिति सदस्य डॉक्टर रंजन शर्मा, जिला महामंत्री आशीष त्रिपाठी, राकेश तिवारी, जसवंत लाल सोनकर, उपाध्यक्ष अनुपम प्रकाश मिश्रा, संदीप पांडे, जिला मंत्री विनय शर्मा, कोषाध्यक्ष प्रदीप मिश्रा, युवा मोर्चा अध्यक्ष दीपक गुप्ता, अनुसूचित मोर्चा संयोजक नंदकिशोर नंदू, केके श्रीवास्तव, राजा बाबू गुप्ता, श्रीकांत पांडे, नीरज मौर्य, सभी अभियान के संयोजक एवं सहसंयोजक सहित कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:-हरदोई: 'सफर आखिरी है...' हादसे का शिकार होने से कुछ ही देर पहले ही युवक ने बनाई थी Reel
