श्रावस्ती: अंतरजनपदीय गिरोह का शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, चार मोटरसाइकिल हुईं बरामद
श्रावस्ती, अमृत विचार। पुलिस अधीक्षक श्रावस्ती घनश्याम चौरसिया द्वारा जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरूद्ध अभियान चलाया जा रहा है। अपर प्रभारी निरीक्षक थाना सोनवा श्यामदेव चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एक व्यक्ति सद्दाम पुत्र कमर अली निवासी नासिरगंज थाना सोनवा को नासिरगंज-बदला रोड पर मोटरसाइकिल एजेंसी के पास से गिरफ्तार किया।
पकड़े गये आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद किया गया। आरोपी के निशानदेही पर जनपद व अन्य जनपद से चोरी की गयी तीन अन्य मोटरसाइकिल उसके घर के बगल झाड़ी से बरामद की गयी। बता दें कि शनिवार को ग्राम राभा थाना पिहानी जनपद हरदोई निवासी व्यक्ति किराये पर कस्बा लक्ष्मननगर थाना सोनवा जनपद श्रावस्ती ने थाने पर ग्राम खलीफतपुर नासिरगंज के पास से किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उनकी मोटर साइकिल चुराने का मामला दर्ज कराया था।
क्षेत्राधिकारी सतीश कुमार शर्मा ने बताया कि मुकदमे के आधार पर थाना सोनवा पुलिस ने 24 घंटे के अन्दर चोरी का सफल अनावरण करते हुये संबंधित आरोपी को गिरफ्तार कर मोटरसाइकिल की बरामदगी की। साथ ही तीन अन्य मोटरसाइकिलों की भी बरामदगी की। बरामद मोटरसाइकिलों में से 2 श्रावस्ती व 2 बहराइच से चोरी की गयी थी। आरोपी सभी मोटर साइकिलों को नेपाल ले जाकर बेचने की फिराक में था।
यह भी पढ़ें: क्षेत्र का सर्वांगीण विकास मेरी प्राथमिकता: विनय द्विवेदी
