संभल: पुल से जिंदा और मृत गोवंशीय पशुओं को फेंककर भागे अज्ञात लोग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

धनारी क्षेत्र में शनिवार को देर रात महावा नदी के पुल पर हुई घटना, मौके पर पहुंचे एसडीएम, मृत पशुओं को दफन कराया

पशुओं को फेंके जाने के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीण व पुलिस

संभल/धनारी, अमृत विचार। संभल के धनारी थाना क्षेत्र में रात के अंधेरे में अज्ञात लोग मृत एवं जिंदा गोवंशीय पशुओं को महावा नदी के पुल से फेंककर भाग गए। छह पशु मृत मिले जबकि एक की तड़पकर मौत हो गई। करीब दस पशु पास के ही गांव पहुंच गए। ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। एसडीएम ने भी मौके पर पहुंचकर जानकारी ली। मृत गोवंश को दफनाकर जिंदा पशुओं का उपचार शुरू कराया गया।

थाना क्षेत्र के गांव दिनौरा और पुसावली के बीच महावा नदी का पुल है। शनिवार को रात पुल के आसपास खेतों में किसान फसलों की रखवाली कर रहे थे। तभी दिनौरा की तरफ से आए अज्ञात वाहन से लोगों ने पुल पर पहुंचकर गोवंश पशुओं को फेंक दिया। गोवंश पशुओं को फेंकने के बाद वाहन को जुनावई की तरफ ले गए। आवाज होने पर खेतों से निकलकर किसान मौके पर पहुंचे तो छह पशु मृत मिले जबकि एक पशु तड़प रहा था, जिसकी मौत हो गई। इस बीच करीब दस पशु गांव दिनौरा पहुंच गए।  

कहा जाने लगा कि दूसरे क्षेत्र के गोवंश पशुओं को यहां लाकर पुल से फेंका गया है। सूचना मिलने पर एसडीएम रमेश बाबू, थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश सिंह भी पुलिस बल के साथ पहुंचे। अधिकारियों ने गड्ढा खुदवाकर मृत पशुओं को दफन कराया जबकि जिंदा गोवंश का पशु चिकित्सा केंद्र में उपचार शुरू कराया। गोवंश पशु को लाकर फेंकने वाले अज्ञात वाहन के बारे में पता नहीं चल सका। यह बात भी स्पष्ट नहीं हो सकी कि गोवंश पशुओं को किसने फेंकने का काम कराया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को पूरे मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया।

छुट्टा पशुओं इधर से उधर छोड़ने का चल रहा काम
संभल अमृत विचार : सरकार और जिला प्रशासन द्वारा छुट्टा पशुओं को संरक्षित किए जाने के दबाव के चलते खलबली का माहौल है। जिले में  छुट्टा पशुओं को इधर से उधर छोड़ने का काम चल रहा है। पिछले दिनों जुनावई क्षेत्र से पशुओं को बदायूं ले जाया जा रहा था तो वाहन को पकड़ लिया गया था। गांव सारंगपुर से पशुओं को सरकारी कैटल वाहन से गवां से पास छोड़ा जा रहा था तो ग्रामीणों ने विरोध करके लोगों को दौड़ा लिया था। जिसके बाद लोग पशुओं को शकरपुर के पास छोड़ने लगे तो स्थानीय ग्रामीणों ने हंगामा किया। बहरहाल, इस तरह गोवंश पशुओं को इधर से उधर छोड़ने के कई मामले सामने आ चुके हैं।

ये भी पढ़ें:- संभल: सामूहिक दुष्कर्म में दो युवकों को 20-20 वर्ष की सजा

संबंधित समाचार