कासगंज: लापता शख्स का बंबा के किनारे मिला शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सोरोंजी, अमृत विचार। कस्बा सोरों में मेला ग्राउंड के समीप बंबे के निकट एक व्यक्ति का शव मिला है। व्यक्ति एक दिन पूर्व ही घर से लापता हुआ था। परिजनों ने हत्या कर शव फेंके जाने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। एसपी ने परिजनों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली है। 

सोरों के बदरिया निवासी सुशील पुत्र भूदेव सिंह रविवार को दोपहर को तीन बजे घर से निकल आए थे, लेकिन जब वह देर रात तक घर नहीं पहुंचे तो परिजनों को चिंता हुई। पुत्र अमन परिजनों के साथ पिता की खोज में निकला। काफी प्रयास के बावजूद भी पिता को कोई जानकारी नहीं मिली। सोमवार की सुबह परिजनों को सूचना मिली कि मेला ग्राउंड में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। 

अनहोनी की आशंका के चलते परिजन मेला ग्राउंड पहुंचे और सुशील का शव देखकर विलाप करने लगे। घटना की जानकारी पर कोतवाली इंस्पेक्टर भोजराज अवस्थी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुत्र का आरोप है कि पिता की हत्या कर शव फेंका गया है। 

एसपी ने किया घटना स्थल का निरीक्षण 
सोरों के मेला ग्राउंड में शख्स का शव मिलने की सूचना पर एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया। परिजनों से बातचीत की। वहीं इंस्पेक्टर से घटना के संबंध में जानकारी ली है। 

फोरेंसिक टीम ने एकत्रित किए साक्ष्य 
एसपी के निर्देश पर जिले की फोरेंसिक टीम ने सोरों के मेला ग्राउंड पहुंचकर घटना स्थल से घटना से संबंध साक्ष्य और फोटोग्राफ एकत्रित किए हैं। जिन्हें सुरक्षित रखा गया है। मौके से एकत्रित किए गए नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। 

शख्स सुशील का शव मेला ग्राउंड में मिला है। शव पर चोट के निशान हैं। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया गया है। उच्च अधिकारियों ने भी मौके का निरीक्षण किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का सही कारण स्पष्ट होगा।- जितेंद्र कुमार दुबे, एएसपी 

पुत्र ने पांच पर लगाया हत्या का आरोप दी तहरीर 
मृतक सुशील के पुत्र अमन ने मुहल्ला बदरिया के ही पांच लोगों पर पिता की हत्या कर देने का आरोप लगाया है। उसने नामजदों के विरुद्ध सोरों कोतवाली में तहरीर दी है। हत्या में मामले में एफआईआर दर्ज किए जाने की मांग की है।

ये भी पढे़ं- कासगंज: सात साल से लापता युवक को पुलिस ने किया बरामद, बेटे को पाकर माता-पिता के चेहरे पर लौटी खुशी

 

संबंधित समाचार