मोदी सरकार में देश की दुनिया में बढ़ी ताकत, बोले सिक्किम के राज्यपाल
सिक्किम के पर्यटन को बढ़ावा देने में सहायक होगी डॉ. एमपी सिंह की नवीन कृतिः लक्ष्मण प्रसाद आचार्य, क्षत्रिय भवन सभागार में लोकार्पण समारोह व कृति चर्चा का आयोजन
सुलतानपुर, अमृत विचार। सिक्किम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने कहा कि पुस्तकें हमें नयी राह दिखाती हैं। अपने भ्रमण को संस्मरण के रूप में प्रस्तुत कर डॉ. एमपी सिंह ने समाज की बेहतर सेवा की है। डा. सिंह की कृति ‘हिमालय के आंगन से‘ सिक्किम के पर्यटन को बढ़ावा देकर राज्य की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में सहायक सिद्ध होगी।
वह क्षत्रिय भवन सभागार में राणा प्रताप स्नातकोत्तर महाविद्यालय के पूर्व समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष व भाजपा नेता डॉ. एमपी सिंह की दो कृतियों के लोकार्पण समारोह व कृति चर्चा कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। राज्यपाल ने कहा कि कश्मीर की तिरंगा यात्रा में मैं डॉ. एमपी सिंह के साथ था।
उन्होंने पूर्वाेत्तर राज्यों का भ्रमण कर उसके बारे में जो लिखा है उसे पढ़ कर देश विदेश के पर्यटक इन क्षेत्रों में भ्रमण के लिए काफी आकर्षित होंगे। उन्होंने मोदी सरकार की सराहना करते हुए कहा कि देश की दुनिया में ताकत बढ़ी है। देश की प्रतिष्ठा बढ़ी है। देश एक बार फिर अपने पुराने गौरव को प्राप्त कर रहा है। ये सभी स्वीकार करते हैं।
अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ साहित्यकार डा. आद्या प्रसाद सिंह प्रदीप ने कहा कि साहित्य समाज को रास्ता दिखाता है। डॉ. एमपी सिंह की कृतियां साहित्य जगत को अनमोल उपहार हैं। विशिष्ट अतिथि प्रो. राधेश्याम सिंह ने कहा कि बिरवा काव्य संग्रह पके हुए कवि की नवोदित कृति है। संवेदना, दर्शन और रमणीयता इन कविताओं के केंद्र में हैं।

कृतिकार डॉ. एमपी सिंह ने अपनी दोनों कृतियों की रचना प्रक्रिया को बताते हुये कहा कि हिमालय के आंगन पुस्तक में कश्मीर, दार्जिलिंग और सिक्किम की यात्राओं पर संस्मरण लिखे गए हैं। बिरवा पुस्तक में विभिन्न समयों पर उपजी बत्तीस कविताओं का संग्रह है।
सरस्वती चित्र पर माल्यार्पण से शुरू हुए समारोह में मंचस्थ अतिथियों ने डॉ एमपी सिंह की दो नवीन कृतियों का लोकार्पण किया। स्वागत भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. आरए वर्मा, आभार ज्ञापन क्षत्रिय शिक्षा समिति के अध्यक्ष एडवोकेट संजय सिंह व संचालन प्रो. निशा सिंह ने किया।
क्षत्रिय शिक्षा समिति के अध्यक्ष एडवोकेट संजय सिंह ने अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ व स्मृति चिन्ह देकर मुख्य अतिथि को सम्मानित किया। साथ ही नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल, एमजीएस इंटर कालेज के प्रबंधक डॉ. विनोद सिंह, प्रधानाचार्य महेश सिंह, भाजपा नेता राम चंद्र मिश्र, भाजपा प्रवक्ता विजय सिंह रघुवंशी आदि ने भी स्मृति चिन्ह भेंट कर मुख्य अतिथि का स्वागत किया।
बिजेथुआ धाम पहुंचकर राज्यपाल ने टेका माथा
कार्यक्रम के बाद सिक्किम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य कादीपुर के सूरापुर स्थित कालनेमि बध स्थल बाबा बिजेथुआ धाम में माथा टेकने पहुंच गए। यहां पर हनुमानजी का दर्शन किया। पुजारियों ने अंगवस्त्र ओढ़ाकर उनका स्वागत किया। समिति के लोगों ने हनुमानजी का चित्र देकर उनका सम्मान किया। मौके पर करौंदीकला प्रमुख प्रतिनिधि सर्वेश मिश्र, कादीपुर नगर पंचायत अध्यक्ष आनन्द जायसवाल, भाजपा जिला मंत्री दिनेश सिंह, भाजपा नेता मोहित सिंह मन्दिर समिति अध्यक्ष राधेश्याम पांडेय, पुजारी शनि पांडेय, विक्की वर्मा, जगदम्बा उपाध्याय आदि रहे।
यह भी पढ़ें:-महाकुम्भ-2025 के लिये 2600 करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान, अयोध्या के विकास के लिये भी सरकार ने खोला खजाना
