Kanpur Dehat: छह मौतों से शादी की खुशियां मातम में बदलीं, गम के माहौल में कल पड़ेंगीं भांवरे...
छह मौतों से शादी की खुशियां मातम में बदल गई हैं
जिस घर में कल तक हर चेहरे पर शादी की खुशियां हिलोरें भर रही थीं, वहां आज गम के साथ सन्नाटा पसरा था। शादी वाले घर में ही नहीं, बल्कि पूरा गांव गम में डूबा था।
कानपुर देहात, अमृत विचार। जिस घर में कल तक हर चेहरे पर शादी की खुशियां हिलोरें भर रही थीं, वहां आज गम के साथ सन्नाटा पसरा था। शादी वाले घर में ही नहीं, बल्कि पूरा गांव गम में डूबा था। हादसे में एक साथ छह मौतों से भोर पहर से ही मुर्रा गांव की गलियां चीख-पुकार से गूंज उठीं। मंगलवार को बेटी की शादी है, मगर घर में खुशियों की जगह गम हावी है। परिवार के साथ नाते-रिश्तेदार भी सिसकियां भर रहे हैं।
कानपुर देहात के डेरापुर थाना क्षेत्र के मुर्रा गांव निवासी पंकज कुमार शर्मा की बेटी सुगम शर्मा की शादी मध्य प्रदेश के भिंड जिले के फूप गांव में होनी है। घर में शादी के कार्यक्रम शुरू हो चुके थे। शादी के दो दिन पहले ही यानी रविवार को तिलक का कार्यक्रम था। परिवार और खास नाते-रिश्तेदार तिलक चढ़ाने के लिए इटावा गए थे। इटावा के गेस्ट हाउस में तिलकोत्सव कार्यक्रम था। तिलक चढ़ाने के बाद देर रात सभी लोग गांव लौट रहे थे। सोमवार को मातृ पूजन का कार्यक्रम था और मंगलवार को बारात आनी है।

इटावा में तिलक चढ़ाने के बाद पंकज शर्मा परिवार वालों और नाते-रिश्तेदारों के साथ यही सोचकर रात में ही गांव लौट रहे थे कि सुबह से शादी के बाकी काम निपटाएंगे, लेकिन कुदरत के कहर ने गांव पहुंचने से पहले ही भोर पहर छह लोगों की जिंदगियां छीन लीं। सिकंदरा थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुर गांव के पास तेज रफ्तार डिजायर कार अनियंत्रित होकर पलट गई और खुले नाले में जा गिरी, जिससे कार में सवार आठ में से छह लोगों की मौत हो गई। गनीमत रही कि दो बच्चे बच गए, जिनका इलाज चल रहा है।
इस हादसे की खबर पहुंचते ही मुर्रा गांव में कोहराम मच गया। जिस घर में शादी की खुशियां बिखरी थीं, वहां चीख-पुकार मच गई। इस दौरान घर में ज्यादातर महिलाएं ही थीं, हादसे की खबर सुनते ही बिलख पड़ीं। आस-पड़ोस के लोग घर के बाहर एकत्र हो गए। जो जिस हालत में था, उसी तरह घटनास्थल की ओर से निकल पड़ा। परिवार और नाते-रिश्तेदारी के लोग सुबह से पोस्टमार्टम हाउस और फिर शवों के अंतिम संस्कार में व्यस्त रहे। अलग-अलग जगह अंतिम संस्कार हुआ।
गम के माहौल में कल पड़ेंगीं भांवरे
घर में शादी की सारी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं, इस लिहाज से परिवार ने नियत कार्यक्रम के अनुसार ही शादी करने का फैसला लिया है। मंगलवार को गम के माहौल के बीच सुगम शर्मा की भांवरें पड़ेंगीं। परिवार के लोगों का कहना है कि नाते-रिश्तेदारों और वर पक्ष के लोगों से सलाह-मशविरा करने के बाद छह फरवरी को ही शादी की रस्मे पूरी करने का फैसला लिया गया है। शादी तो होगी, मगर खुशियां दूर-दूर तक नहीं दिखेंगी।
गांव के घरों में नहीं जले चूल्हे
इस दर्दनाक हादसे के बाद समूचा मुर्रा गांव गम में डूबा है। सोमवार को अधिकतर लोगों के घरों में चूल्हे नहीं जले। पास-पड़ोस की महिलाएं गमगीन हैं। आस-पास के लोगों का कहना है कि पंकज शर्मा का परिवार बहुत ही मिलनसार है। दूसरों की मदद करने में हमेशा आगे रहता है। परिवार के व्यवहार से ही आज हर कोई दुखी है। बिटिया सुगम की शादी में अब खुशियां तो नहीं रहेंगी, मगर हर कोई भागीदार बनेगा।
कहीं बारिश तो नहीं हादसे की वजह
इस हादसे से हर कोई स्तब्ध है। गांव वालों की ओर से कयास लगाए जा रहे हैं कि कहीं रात में हुई रुक-रुक कर बारिश तो इस हादसे की वजह नहीं बनी। रविवार की रात से ही बारिश हो रही थी। बारिश की वजह से सड़क पर फिसलन भी थी। जिस जगह पर हादसा हुआ, वहां खतरनाक मोड़ है। मोड़ पर तेज रफ्तार गाड़ी पर अचानक ब्रेक लगाने से गाड़ी फिसलने का खतरा रहता है। ग्रामीणों का अनुमान है कि शायद गाड़ी फिसलने की वजह से ही अनियंत्रित हुई होगी और नाले में जा गिरी होगी।
