लखीमपुर-खीरी: सपा नेता रमेश यादव हत्याकांड के दो और आरोपी गिरफ्तार, पांच अभी भी फरार  

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार: सपा नेता रमेश यादव हत्याकांड में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले हरेंद्र को मुठभेड़ तथा दो अन्य को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अभी भी पांच नामजद हत्यारोपित फरार हैं। 

बीती 31 जनवरी को अजबापुर चीनी मिल में गन्ना आपूर्ति करने के बाद अपने भतीजे शुभम यादव के साथ घर लौटते समय नामजद 10 आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते गांव से कुछ पहले मुस्तफाबाद निवासी रमेश यादव की हत्या कर दी थी।

इस दौरान हमलावरों ने शुभम को भी मारने का प्रयास किया लेकिन किस्मत उसे बचा ले गई। शुभम का हाथ टूटने के साथ पैर आदि जगह पर चोटे आई थी। जिसके बाद पुलिस ने वारदात के चश्मदीद गवाह शुभम की तहरीर पर दस लोगों के खिलाफ हत्याकांड का मुकदमा दर्ज किया था।

पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए आश्वस्त किया था। रमेश यादव के अंतिम संस्कार के बाद सपा के प्रतिनिधि मंडल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात करने के साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के पास रिपोर्ट भेजी थी।

जिसके बाद पार्टी जिलाध्यक्ष ने मुस्तफाबाद पंहुचकर परिजन से वारदात की जानकारी लेते हुए हर संभव मदद का आश्वासन दिया था। हत्याकांड के पांचवे दिन पुलिस ने नामजद हत्यारोपी कमलेश व उसके भाई राजीव निवासी ढंढेल को मुखबिर की सूचना के आधार पर थाना क्षेत्र के चौहत्तर चौराहा कल्लुआ के पास से गिरफ्तार किया है।

इस दौरान कमलेश के पास से वारदात को अंजाम देने में प्रयोग किया गया बांस का डंडा भी बरामद किया। उचौलिया पुलिस हरेंद्र सहित उसके भाई सत्येंद्रए कमलेश व राजीव तथा नेत्रपाल को गिरफ्तार कर चुकी है। राजपालए लाऊए आदेशए बलबीर व रतीश अभी फरार है।

वारदात में घायल शुभम अपनी व परिवार की सुरक्षा की लगातार मांग कर रहा है। घर पर तो पुलिस तैनात है लेकिन घर से बाहर उसे अपनी रिस्क पर निकलना पड़ रहा है। जिसे लेकर उसके परिजन चिंतित है। उनका कहना है कि अगर पहले हुई छोटी घटनाओं के बाद रमेश यादव द्वारा की गई सुरक्षा की मांग को पुलिस मान लेती तब शायद हत्या न होती। ऐसे में फिर कहीं कोई अनहोनी न हो जाए।

रमेश यादव हत्याकांड में अब तक नामजद पांच आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजे जा चुके हैं। शेष अभियुक्तों को भी बहुत जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा---धर्मेन्द्र प्रताप सिंह प्रभारी निरीक्षक उचौलिया।

यह भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: छाउछ पावर हाउस में लगा 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर फुंका 

संबंधित समाचार