लखीमपुर-खीरी: मूलभूत सुविधाओं से वंचित वनटांगिया परिवारों को बजट से निराशा, पुनर्वास प्रस्ताव भी लटका
लखीमपुर खीरी, अमृत विचारः गोला गोकर्णनाथ तहसील क्षेत्र के जंगल में कई दशकों से निवास कर रहे दो वनटांगिया गांव पल्हनापुर और जमैयतपुर के लोगों को बजट से निराशा हाथ लगी है। यह लोग मूलभूत सुविधाओं आवास, शौचालय, बिजली, शिक्षा आदि सरकारी योजनाओं से अभी भी वंचित है।

सरकार ने बजट में वनटांगिया की शिक्षा के लिए वनटांगिया गावों में 36 प्राथमिक विद्यालयों के संचालन के लिए 144 पद सृजित करने की बात कही है, लेकिन दोनों वनटांगिया गांवों में विद्यालय भवन ही नहीं बना है। इसलिए वनटांगियां गांवों के वाशिंदों को निराशा हाथ लगी है।
बता दें कि गोला तहसील के बिजुआ ब्लॉक की ग्राम पंचायतों पल्हनापुर और जमैयतपुर में दो वनटांगिया गांव हैं। इनमें वनटांगिया की आबादी की बात करें तो पल्हनापुर में 91 परिवार और जमैयतपुर में 52 परिवार निवास कर रहे हैं।
वनटांगिया गांव रिजर्व फॉरेस्ट एरिया में होने के कारण इनमें कोई पक्के निर्माण कार्य नहीं कराए जा सकते हैं, जिससे यहां के लोग फूस की झोपड़ी में रहते हैं। इन्हें सरकारी योजनाओं आवास, शौचालय, बिजली, पानी, बच्चों की शिक्षा के लिए स्कूल आदि का लाभ नहीं मिल सका है।
सरकारी योजनाओं के लाभ के नाम पर वनटांगिया को सिर्फ राशन और पेंशन मिलती है। एक ओर सरकार सभी को पक्का घर मुहैया करा रही है, तो वहीं वनटांगिया गांव के लोग कच्चे फूस की बनी झोपड़ी में रहने को विवश हैं। इस कारण वनटांगिया बच्चों के भविष्य को लेकर भी चिंतित हैं।
पुनर्वास की मांग वाली फाइल दो साल से शासन में अटकी
वनटांगिया परिवारों ने समय-समय पर अपनी मांगों को लेकर अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के चक्कर लगाए, जिसमें प्रमुख रूप से वनटांगिया गांव को राजस्व ग्राम का दर्जा देने या दूसरी जगह पुनर्वास कराने की मांग रखी थी।
करीब दो साल पूर्व डीएम द्वारा वनटांगिया के पुनर्वास के लिए फाइल शासन के पास भेजी गई थी, जिस पर अभी कोई निर्णय नहीं हो सका है। वनटांगिया अध्यक्ष रामविलास ने बताया कि पुनर्वास के लिए शासन के पास भेजी फाइल में दूसरी जगह बसाने का प्रस्ताव दिया गया है।
पल्हनापुर में रह रहे वनटांगिया परिवारों को वसलीपुर ग्रंट में और जमैयतपुर में रहने वाले वनटांगिया परिवारों को वजीरनगर बरूआ गांव में बसाने की योजना है, जिस पर शासन की मुहर लगने का इंतजार है।
यह भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: छाउछ पावर हाउस में लगा 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर फुंका
