Shahjahanpur News: अनियोजित खुदाई से आफत, निजात दिलाने को लेकर सड़क पर उतरे व्यापारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाहजहांपुर, अमृत विचार: आफत बनी अनियोजित खुदाई से निजात दिलाने की मांग को लेकर मंगलवार को व्यापारी सड़क पर उतर आए। उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष सचिन बाथम के आवास पर हुई बैठक के बाद नारेबाजी करते हुए व्यापारी सदर बाजार से होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां व्यापारियों ने कहा कि बिना सूचना दिए आए दिन किसी न किसी सड़क को खोद दिया जाता है। जिससे व्यापारियों को व्यापार में नुकसान उठाना पड़ रहा है। 

महानगर में बिना सूचना दिए आए दिन किसी न किसी सड़क पर खुदाई शुरू कर दी जाती है। इसको लेकर बीते दिनों व्यापारियों ने अधिकारियों को ज्ञापन देने की बात कही थी। जिसके चलते मंगलवार सुबह व्यापार मंडल के अध्यक्ष सचिन बाथम के घर पर व्यापारियों की बैठक हुई। बैठक के दौरान व्यापारियों ने अपनी समस्या रखी। 

बाद में व्यापारी इकट्ठा होकर जल निगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अध्यक्ष सचिन बाथम के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचे और सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. वेद प्रकाश मिश्र को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा कि महानगर की मेन मार्केट में सीवर के पाइप पड़ जाने के बाद मलबा नहीं हटाया गया और न ही पैच वर्क कराया गया। बरसात होने पर सारी मिट्टी फैल गई है। मिट्टी ने सड़कों पर दल-दल कर दिया, जिससे महिलाएं-बच्चे और बाइक सवार लोग ई-रिक्शा दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। 

बाजारों में ग्राहक नहीं आ रहे हैं। सड़कों को तुरंत सही करवाने की मांग रखी। व्यापारियों ने कहा कि जिन गलियों को खोदा गया है उन्हें पहले जैसा नहीं बनवाया गया। सिविल लाइन खुदाई की वजह से ट्रैफिक बंद हो जाता है, जिस वजह से कई रोड अभी भी बंद हैं। बहादुरगंज मशीनरी मार्केट में खोदे हुए मार्ग पर काम हो जाने के बाद मिट्टी व मलबाबी की वजह से पूरा दल-दल हो गया। 

रोड को पूरा ठीक ढंग से बनवाया जाए। एसपी कॉलेज-से निशात टॉकीज रोड खोदने के बाद मलबा पड़ा है। मलबे की वजह से लोग दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। अक्सर वहां जाम लग रही है। बहादुरगंज से निशात टॉकीज रोड पर पूरी रोड बंद कर रखी है और मलबा रोड पर पड़ा है, जिसकी वजह से उस रोड पर सभी दुकानदारों को भारी नुकसान हो रहा है। जल्द ही मलबा हटा कर रोड चालू किया जाए। तारीन टिकली - ट्रांसफार्मर के पास पाइप पड़ने के बाद लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है, उसकी मरम्मत की जाए।

कचहरी रोड पर पड़ा है मलबा
व्यापारियों ने बताया कि अंटा चौराहे से कचहरी रोड पर पाइप लाइन पड़ने के बाद मलबा पड़ा है। रोड क्षतिग्रस्त होने के कारण पानी भरा हुआ है, जिससे निकलना मुश्किल है। लोहामंडी तिराहे पर सीवर लाइन का कार्य हो जाने के बाद रोड को ठीक नहीं किया गया, जिस कारण काफी गहरे गड्ढे हो गये हैं। दिन भर धूल उड़ती रहती है। सदर बाजार सिटी कार्ट से खिरनी बाग रोड पर खुदाई के बाद जो रोड भरी गई है, उसे ठीक कराया जाए। 

सीतापुर आंख के अस्पताल के पास सड़क बैठ गई है, उसे ठीक कराया जाए। इस मौके पर अमित शर्मा, अखिल मिश्रा, पकज टन्डन, विवेक सहगल, साहिल आनंद, संजय गुप्ता, राम अवतार वर्मा, विवेक कुमार, फुरकान, अशोक गुप्ता, साहिल, विनीत अवस्थी, मो. नासिर, प्रमोद, महेश तुली, गिरीश पीयूष गुप्ता आदि व्यापारी मौजूद थे।

मार्च बाद मिलेगी शहरवासियों को खुदाई से निजात
मार्च के बाद शहर वासियों को आफत बनी खुदाई से निजात मिलने की उम्मीद है। मंगलवार को नगर आयुक्त केपी सिंह के साथ हुई जल निगम के अधिकारियों की बैठक में नगर आयुक्त ने अनियोजित खुदाई को लेकर गहरी नाराजगी जताई। कहा हर हाल में तय समय सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा किया जाए। उन्होंने शहर की दो खुदी पड़ीं सड़कों का निर्माण जल्द से जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए।

नगर आयुक्त ने कहा कि जनता को सीवर लाइन डाले जाने के चलते परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खुदाई अब भी पूरी नहीं हो सकी है। लोक निर्माण विभाग की ओर से शहर में दो सड़कों का निर्माण किया जाना है। वर्तमान में यह सड़कें खुदी पड़ी हैं। मंजूरी मिल गई है, लेकिन जल निगम की ओर सहमति न मिलने के चलते अभी तक निर्माण शुरू नहीं हो सका है। 

नगर आयुक्त ने इस बात पर गहरी नाराजगी जताई कि जल निगम की ओर से मंगलवार को सहमति पत्र देने देने की बात कही गई थी, लेकिन अधिकारी सहमति पत्र नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि सहमति पत्र न मिलने के चलते खुदी पड़ी सड़कों का निर्माण नहीं हो पा रहा है। अगर सहमति पत्र मिल जाए तो दोनों सड़कों का निर्माण लोक निर्माण विभाग शुरू करा देगा। उन्होंने जल्द से जल्द सहमति पत्र देने को कहा। 

उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभागों को आपसी सामंजस्य से कार्य करना है। सीवर लाइन डालने के बाद सुरक्षित तरीके से सड़कों की मरम्मत और पुनर निर्माण कराया जाए। ताकि जनता को हादसों से बचाया जा सके। बैठक के दौरान जल निगम के अधिशासी अभियंता कपिल एम सिंह ने कहा कि जल्द से जल्द सीवर लाइन का कार्य पूरा कराने का प्रयास किया जा रहा है। जनता को परेशानी से बचाने के लिए विभाग की ओर से मार्च तक हर हाल में निर्माण पूरा कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मार्च तक निर्माण पूरा कर लिया जाएगा। 

खुदी सड़कों से जनता को निजात दिलाने के लिए हम लगातार प्रयासरत हैं। जल निगम के अधिकारियों को बुलाकर बैठक की गई है। जल्द ही दो सड़कों का निर्माण शुरू कराने का प्रयास है--- केपी सिंह, नगर आयुक्त।

यह भी पढ़ें- Shahjahanpur News: 2668.83 लाख से चमकेंगी जिले की 37 सड़कें, शासन ने दी मंजूरी

संबंधित समाचार