बांदा अधिवक्ता संघ चुनाव: अशोक बने अध्यक्ष और महासचिव पर रामप्रकाश का कब्जा
मतगणना के बाद घोषित हुआ परिणाम, जमकर हुई आतिशबाजी, विजयी प्रत्याशी के समर्थकों ने एक-दूसरे को खिलाई मिठाई
बांदा, अमृत विचार। अधिवक्ता संघ चुनाव की गहमागहमी मंगलवार की देर रात खत्म हो गई। सुबह से शुरू हुआ मतदान शाम पांच बजे तक चला। मतदान का प्रतिशत 89.93 प्रतिशत रहा। मतगणना का दौर शुरू हुआ तो प्रत्याशियों के समर्थक चक्रवार परिणाम को लेकर उत्साहित होते नजर आए। रात तकरीबन 9 बजे परिणाम घोषित हुआ। इसमें अध्यक्ष पद पर अशोक दीक्षित और महासचिव पद पर रामप्रकाश शिवहरे ने जीत हासिल की। परिणाम घोषित होते ही समर्थकों की खुशियों का ठिकाना नहीं रहा। जमकर आतिशबाजी के साथ ढोल-नगाड़े बजे, मिठाई खाई और खिलाई गई।
इल्डर्स कमेटी अध्यक्ष अशोक अवस्थी की देखरेख में मंगलवार सुबह से मतदान की प्रक्रिया शुरू हुई। अध्यक्ष और महासचिव पद पर कांटे की टक्कर रही। मतदान के पूरे समय तक अधिवक्ता मतदान केंद्रों के इर्द-गिर्द मंडराते रहे। मतदाता सूची में पंजीकृत कुल 1462 अधिवक्ता मतदाताओं में 1313 मतदाताओं ने वोट डाले थे। शाम पांच बजे से अधिवक्ता संघ भवन हाल में मतगणना का दौर शुरू हुआ। प्रत्याशियों की मौजूदगी में मतपेटिका खोली गईं।
रात तकरीबन नौ बजे इल्डर्स कमेटी ने परिणाम घोषित किया। इसमें अशोक दीक्षित 582 मत पाकर विजयी रहे। जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी द्वारिकेश यादव मंडेला को 411 वोट मिले और धनराज सिंह 317 वोट पाकर तीसरे स्थान पर रहे। इसी तरह महासचिव पद पर रामप्रकाश शिवहरे ने विजय हासिल की। उन्हें 457 वोट मिले। जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी यदुनाथ सिंह 403 वोट पाकर दूसरे स्थान पर और राजेश कुमार त्रिपाठी 188 मत पाकर तीसरे स्थान पर रहे।
परिणाम घोषित होते ही जमकर आतिशबाजी हुई, ढोल नगाड़े के साथ विजेता प्रत्याशी समर्थकों सहित अधिवक्ता संघ परिसर से बाहर निकले। इधर, अधिवक्ता संघ चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सीओ सिटी गवेंद्रपाल गौतम और नगर कोतवाली प्रभारी अनूप दुबे पुलिस लि के साथ मतदान और मतगणना समय तक डटे रहे।
यह भी पढ़ें:-लखनऊ: कबाड़ गोदाम में धमाके से उड़े मजदूर के चीथड़े, काफी दूर तक सुनाई दिया धमाका
