Kanpur News: नौ फरवरी को होगा मौनी अमावस्या का स्नान... शहर के प्रमुख घाटों पर तैयारी शुरू

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में भक्तों के स्नान के लिए शहर के प्रमुख घाटों पर शुरू हुई तैयारी

कानपुर में भक्तों के स्नान के लिए शहर के प्रमुख घाटों पर तैयारी शुरू हुई। ज्योतिषाचार्य ने बताया कि पितरों की शांति के लिए महत्वपूर्ण दिन होता है।

कानपुर, अमृत विचार। मौनी अमावस्या का स्नान 9 फरवरी को होगा। पर्व के लिए शहर के प्रमुख घाटों पर तैयारी तेज हो गई है। ज्योतिषाचार्य ने बताया कि मौनी अमावस्या पितरों की शांति के लिए महत्वपूर्ण दिन होता है। इस दिन स्नान और दान का विशेष महत्व है।

ज्योतिषाचार्य पंडित मनोज द्विवेदी ने बताया कि हिंदू पंचांग के अनुसार मौनी अमावस्‍या तिथि 9 फरवरी को सुबह 8 बजकर 2 मिनट पर शुरू होगा और यह 10 फरवरी को सुबह 4 बजकर 28 मिनट तक रहेगी। इसलिए मौनी अमावस्‍या का स्‍नान और दान 9 फरवरी को मनाना श्रेष्ठकर होगा। उन्होंने बताया कि भक्तों में ऐसी मान्यता है कि मौनी अमावस्‍या यानी कि मौन रहकर ईश्‍वर की साधना करने का अवसर होता है।

इस तिथि को मौन एवं संयम की साधना,स्वर्ग एवं मोक्ष देने वाली मानी गई है। शास्त्रों में मौनी अमावस्या पर मौन रखने का विधान बताया गया है। यदि किसी व्यक्ति के लिए मौन रखना संभव नहीं हो तो वह अपने विचारों को शुद्ध रखें मन में किसी तरह की कुटिलता नहीं आने दें। आध्यात्मिक उन्नति के लिए भी वाणी का शुद्ध और सरल होना अति आवश्यक है।

उन्होंने यह भी बताया कि मौनी अमावस्‍या का धर्म शास्‍त्रों में बहुत ही खास महत्‍व माना गया है। इस दिन व्रत रखकर भगवान की पूजापाठ में मन लगाना चाहिए। संभव हो सके तो इस दिन गंगा में स्‍नान जरूर करना चाहिए। ऐसा करने से पुण्य की प्राप्ति होती है। इस दिन भगवान शिव और भगवान विष्णु का पूजन करना बेहद शुभ होता है। पितरों का आशीर्वाद पाने के लिए इस दिन को बेहद खास माना गया है।

सर्वार्थ सिद्धि योग भी बना

ज्योतिषाचार्य ने बताया कि मौनी अमावस्‍या के दिन सबसे शुभ माना जाने वाला सर्वार्थ सिद्धि योग भी इस बार बना है। इस दिन सर्वार्थ सिद्धि योग सुबह 7 बजकर 5 मिनट से लेकर रात को 11 बजकर 29 मिनट पर समाप्‍त होगा। इस शुभ योग में मौनी अमावस्‍या का व्रत करने से पूर्वज प्रसन्‍न होकर जीवन में सफल और संपन्‍न होने का आशीर्वाद देते हैं।

ये भी पढ़ें- Kanpur: स्कूटी सवार बदमाशों का आतंक... शिक्षक के घर पर पथराव कर आग लगाने का किया प्रयास, वारदात CCTV में कैद

संबंधित समाचार