अयोध्या: नगर निगम के पांच निर्दलीय पार्षद हुए भाजपा में शामिल, बीजेपी को होगा यह फायदा?

Amrit Vichar Network
Published By Sachin Sharma
On

अयोध्या। लोकसभा चुनाव के पूर्व अयोध्या नगर निगम में जीते एक अल्पसंख्यक समेत पांच निर्दलीय पार्षदों ने बुधवार को लखनऊ में भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। महापौर गिरीश पति त्रिपाठी ने इन सभी को पार्टी से जोड़ निगम बोर्ड में संख्या बल को मजबूत किया है।   

लखनऊ प्रदेश भाजपा कार्यालय में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी, क्षेत्रीय अध्यक्ष मिथिलेश मिश्रा, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या तथा ब्रजेश पाठक की मौजूदगी में अयोध्या निगम के निर्दल पांच पार्षद मणिरामदास वार्ड की श्रीमती आभा पांडे पत्नी रिशू पांडेय, बशिष्ठ कुंड वार्ड से श्रीमती रंजना यादव पत्नी अनिकेत यादव, नानकपुरा वार्ड की श्रीमती मीरा देवी, अभिरामदास वार्ड के सुल्तान अंसारी तथा अवधपुरी वार्ड के पार्षद सौरभ सिंह सूर्यवंशी ने महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी के संयोजन में अपने समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता हासिल कर ली।

पांच निर्दलीय पार्षदों को अपने पाले में लाने के बाद नगर निगम बोर्ड में भाजपा मजबूत स्थिति में पहुँच गई है। अभी तक बोर्ड में भाजपा संख्याबल के हिसाब से बहुमत से पीछे थी। महापौर गिरीशपति त्रिपाठी ने बताया कि अयोध्या नगर निगम के विकास के लिए अयोध्या के पांच निर्दलीय पार्षदों ने आज भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ली।

उन्होंने कहा कि अयोध्या आज वैश्विक स्तर पर विकसित हो रही है। इससे अयोध्या ही नहीं बल्कि पूरे भारत के लोग प्रभावित हैं और प्रभु श्री राम लला का दर्शन करने के लिए देश के कोने-कोने से लोग आ रहे हैं। इस अवसर पर महंत बृजमोहन दास, पूर्व सभासद रमेश गुप्ता राणा, श्रीनिवास शास्त्री, शिव मोहन शुक्ल, विनीत पांडेय,सैन्की गुप्ता, आशुतोष श्रीवास्तव, शोभित सिंह, शुभम गुप्ता समेत अन्य मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें: विस. अध्यक्ष के रामलला के दर्शन के निमंत्रण को सपा ने फिर ठुकराया, अखिलेश बोले- रामलला का आएगा कॉल!

संबंधित समाचार