Bareilly News: इस्लामिया मैदान में तौकीर रजा की सभा को लेकर पुलिस अलर्ट, ड्रोन कैमरे भी मंगाए
बरेली, अमृत विचार। आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खान के जेल भरो आंदोलन के एलान के बाद से शहर में पुलिस-प्रशासन अलर्ट है। पुलिस के आला अधिकारियों ने आज इस्लामिया मैदान जाकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस किसी भी तरह के हालात से निपटने का इंतजाम करती दिखाई दी।
इस्लामिया मैदान के पास पुलिस बल तैनात है। 16 ड्रोन कैमरे भी मंगाए गए हैं जिससे कि चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखी जा सके। ड्रोन कैमरे आसमान में उड़ाकर काफी बड़े एरिया को कवर किया जा सकेगा। वहीं कुछ जगहों पर एहतियातन पुलिस बैरिकेडिंग की तैयारी में भी दिखी। बता दें रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौलाना तौकीर रजा ने साफ किया था कि यह आंदोलन ज्ञानवापी में पूजा की अनुमति देने के साथ मदरसों और मजारों में तोड़फोड़ की कार्रवाई के भी विरोध में है। उन्होंने लोगों से अपील की थी कि 9 फरवरी को अपनी-अपनी तहसीलों में जेल भरो आन्दोलन करें।
उधर, पुलिस की ओर से मंगलवार को इस्लामिया कॉलेज प्रबंधन को नोटिस जारी किया गया था कि मौलाना ने अपने कार्यक्रम के लिए प्रशासन से अनुमति नहीं ली है, इसलिए उन्हें इस्लामिया ग्राउंड पर कार्यक्रम करने की अनुमति न दी जाए। प्रशासन की मंशा साफ होने के बाद भी बुधवार तक आईएमसी की ओर से तैयारियां चलती रहीं। उधर, मुस्लिम बहुल सैलानी बाजार के भी ज्यादातर कारोबारियों ने मौलाना के फैसले का समर्थन किया है।
आईएमसी के नाम से शहर में पर्चे भी बांटे गए हैं , हालांकि आईएमसी ने पर्चे बंटवाने से इनकार किया है। पार्टी के मीडिया प्रभारी मुनीर इदरीसी ने बताया कि पार्टी ने आधिकारिक तौर पर ऐसा कोई पर्चा नहीं छपवाया है। हालांकि उन्होंने इन पर्चों के बारे में पता किया है। उनमें कोई गलत बात नहीं लिखी है और वह उसका समर्थन भी करते हैं।
वहीं इस मामले में बरेली पुलिस ने मौलाना तौकीर रजा समेत 30 लोगों के खिलाफ बुधवार को सीआरपीसी की धारा 149 के तहत नोटिस दिया है। जिन लोगों को नोटिस दिए गए हैं, यदि वह नौ जनवरी को खुराफात करेंगे तो उनकी गिरफ्तारी की जाएगी। वहीं भड़काऊ पोस्टर बांटने के मामले में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच भी शुरू की है।
ये भी पढे़ं- मौलाना तौकीर रजा ने आज दिल्ली में मुस्लिम राजनीतिक दलों की बैठक बुलाई, बरेली में पुलिस-प्रशासन अलर्ट
