काशीपुर: भाजपा नेता के घर पर मिले अवैध कारतूस, दर्ज हुआ मुकदमा
कोर्ट में पेशी के बाद मिली जमानत, आर्म्स एक्ट में दर्ज किया था पुलिस ने मुकदमा
काशीपुर, अमृत विचार। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम की छापामारी के दौरान भाजपा नेता के घर अवैध कारतूस बरामद हुए। ईडी की सूचना पर पुलिस ने भाजपा नेता को देर रात गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट में मुकदमा भी दर्ज कर लिया। उधर कोर्ट से भाजपा नेता को जमानत मिल गई है।
बता दें कि बुधवार सुबह तड़के आठ सदस्यीय प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने बाजपुर रोड स्थित राजाजीपुरम निवासी भाजपा नेता अमित सिंह के घर छापा मारा था। जहां टीम ने भाजपा नेता से पूछताछ व जरूरी कार्यवाही के बाद घर से अहम दस्तावेज कब्जे में लिये थे।
तो वहीं टीम को एक खोखा कारतूस व सात जिंदा कारतूस 32 बोर के मिले थे। जिसके कागज व लाइसेंस के बारे में मौके पर अमित सिंह टीम को कुछ भी नहीं उपलब्ध करा सका। जिसके बाद ईडी की टीम ने स्थानीय थाना आईटीआई में पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची थाना आईटीआई पुलिस ने देर रात भाजपा नेता को अवैध कारतूस रखने पर आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया और मुकदमा दर्ज किया। गुरुवार को पुलिस ने आरोपी भाजपा नेता को कोर्ट के समक्ष पेश किया। जहां भाजपा नेता को कोर्ट ने जमानत दे दी है।
अमित सिंह से भाजपा ने किया किनारा, किया पदमुक्त
काशीपुर। ईडी की रडार व अवैध कारतूस बरामद होने के मामले में घिरे भाजपा नेता से भाजपा ने भी किनारा कर लिया है। आनन-फानन में भाजपा नेता को जिला मंत्री पद से हटा दिया गया है।
बुधवार को भाजपा नेता अमित सिंह के आवास पर ईडी की छापामार कार्यवाही के दौरान उनके घर से अवैध कारतूस बरामद हुए। जिसके बाद पुलिस ने अमित सिंह के खिलाफ आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया था। उधर इस खबर से भाजपा में भी हलचल मच गई थी।
जिसके बाद भाजपा जिलाध्यक्ष गुंजन सुखीजा ने अमित सिंह को उनके भाजपा जिला मंत्री पद से हटा दिया। अपने पत्र में जिलाध्यक्ष ने अपरिहार्य कारणों से भाजपा काशीपुर जिला मंत्री अमित सिंह को पदमुक्त करने का हवाला दिया है। जिसकी प्रति उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री और जिला प्रभारी को भी भेजी है।
