Shahjahanpur News: अंटा चौराहे पर फिर फटी पेयजल लाइन, 1500 घरों में आपूर्ति ठप

Amrit Vichar Network
Published By Vishal Singh
On

फायर ब्रिगेड कालोनी और करबला में नहीं आया पानी

शाहजहांपुर, अमृत विचार। अंटा चौराहे पर पेयजल लाइन टूटने से लगभग 1500 घरों में पेयजल सप्लाई ठप हो गई। जिसके चलते फायर ब्रिगेड और करबला कॉलोनी के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बुधवार देर रात टूटी पेयजल लाइन को बृहस्पतिवार शाम तक सही नहीं कराया जा सका। जबकि जल निगम के कर्मचारी लगातार सही करने में जुटे रहे। यहां मरम्मत का सामान न मिलने के चलते बरेली से लाकर सामान डाला गया। 

73fe3c1c-675b-432a-8d16-c087b02c868a

विसरात रोड पर पांच दिन पहले पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने से 150 से अधिक घरों में पानी सप्लाई ठप हो गई थी। पांच फरवरी को फाल्ट ठीक करा दिया गया था, लेकिन तब तक अंटा चौराहे के पास सीवर को जंक्शन प्वाइंट से जोड़ने के लिए सड़क की खोदाई करते समय बुलडोजर से पानी की मुख्य पाइप लाइन ही क्षतिग्रस्त हो गई।

ऐसे में फायर स्टेशन के पास पंप नंबर पांच, बिजलीपुरा मुहल्ले में पंप नंबर छह व आडिटोरियम के पीछे पंपनंबर 14 की सप्लाई पूरी तरह से ठप हो गई। इन तीनों पंपों से अंटा, चमकनी, कृष्णानगर, हयातपुरा, बिजलीपुरा आदि मुहल्लों के करीब दो हजार से अधिक घरों में पानी की सप्लाई होती है। 

938a38d8-2bc4-4ff9-a968-0ddb925f8d55

बुधवार शाम को यहां सप्लाई नहीं दी जा सकी। देर शाम किसी तरह जल निगम के कर्मचारियों ने सप्लाई सुचारू की। इसके बाद बुधवार देर रात अंटा चौराहे पर ही एक बार फिर से पेयजल लाइन टूट गई। जिसके चलते सप्लाई ठप हो गई। बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार सुबह करबला और फायर ब्रिगेड कालोनी में पानी नहीं आया। इसी तरह आसपास के सैकड़ों घरों को भी पानी नहीं मिला। लोगों ने किसी तरह हैंडपंप आदि से पानी लाकर काम चलाया। ऐसा करने में उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। 

बुधवार को टूटी पेयजल लाइन को सही करा दिया गया था, लेकिन देर रात लाइन फिर टूट गई। अब मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है। जल्द ही लाइन की मरम्मत कर पेयजल आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी।- कपिल एम सिंह, अधिशासी अभियंता जल निगम।

पहले भी फटी पेयजल लाइन, 23 जनवरी को लाल इमली चौराहे पर फटी लाइन
लाल इमली चौराहा से पंखी चौराहा वाली रोड पर सीवर लाइन की खोदाई के दौरान जलापूर्ति की लाइन 23 जनवरी को क्षतिग्रस्त हो गई थी। इससे सड़क पर खोदे गए गड्ढे में पानी भर गया। दोपहर से देर शाम तक पानी बहता रहा, जिसको ठीक करने के लिए कोई कर्मचारी नहीं पहुंचा। जिसकी वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अगले दिन कहीं जाकर पेयजल लाइन को सही कराया गया।

एक महीने तक ठप रही थी पेयजल सप्लाई
30 जून 2023 को महानगर में सीवरेज की खुदाई के दौरान पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने से पांच वार्डों में एक महीने से ज्यादा समय से पेयजल सप्लाई चालू न होने की बात सामने आई थी। इससे गुस्साए पांचों पार्षदों ने कच्चे कटरा मोड़ पर बीच सड़क पर धरना दिया था और नारेबाजी की थी।

पार्षदों ने उच्चाधिकारियों के आने और समस्या समाधान होने पर ही धरना समाप्त करने की घोषणा की थी। करीब दो घंटे बाद नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा जल निगम और सड़क की खुदाई करने वाली कंपनी के जिम्मेदार अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे थे। काफी देर वार्ता के बाद पार्षदों ने चार दिन का अल्टीमेटम देकर धरना समाप्त कर दिया।

fb32ecef-1ffd-415c-9193-9d8860838ed1

11 दिसंबर को पुलिस लाइन के पास फटी थी पाइप लाइन
11 दिसंबर 2023 को पुलिस लाइन के पास मुख्य पाइन लाइन फटने के चलते दो दिन से सड़क तलैइया बन गई थी। आने-जाने वाले ई-रिक्शा, साइकिल और बाइक सवार इन गड्ढों में गिरकर चोटिल हुए थे। साथ ही हजारो लीटर पानी सड़क पर बहकर बर्बाद हो गया था। दो दिन तक यही हाल रहा था। इस दौरान यहां से गुजरने वालों को सड़क की हालत देखकर ताल-तलैइया की अनुभूति हुई थी। स्थानीय दुकानदारों ने बताया था कि सड़क में कई गहरे गड्ढे हैं। पानी भर जाने की वजह से यहां से गुजरने वालों को गड्ढे दिखाई नहीं देते और वह गड्ढे में फंस कर हादसे का शिकार हो जाते हैं।

ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर: गोबर से बनी बिजली से रोशन होंगी जिले की दो गोशाला

संबंधित समाचार