मुरादाबाद : छात्र पढ़ाई के समय फोन रखें दूर, एकांत में करें अध्ययन
बोर्ड परीक्षा में जितना सोचेंगे उतने ही नंबर आएंगे
मुरादाबाद, अमृत विचार। छात्र बोर्ड परीक्षा में अच्छे अंक लाने के लिए सभी प्रयास करते हैं। लेकिन इस कोशिश में कई बार विद्यार्थी भ्रमित हो जाते हैं और इसका प्रभाव उनकी तैयारी पर भी पड़ता है। विशेषज्ञ शिक्षकों का कहना है कि विद्यार्थी जिस लक्ष्य के अनुरूप तैयारी करेंगे, उतने बेहतर नंबर पाएंगे।
आकांक्षा विद्यापीठ इंटर कॉलेज की शिक्षिका दीक्षा चौधरी ने बताया कि किसी भी परीक्षा में सफल होने के लिए अभ्यर्थियों को अच्छी तैयारी की जरूरत होती है। क्योंकि बिना तैयारी के किसी भी परीक्षा को पास नहीं किया जा सकता। परीक्षा के दौरान समय का इस्तेमाल करने के लिए छात्रों को टाइम टेबल जरूर बनाना चाहिए। इससे आपकी तैयारी अच्छी होगी। अपने कार्यों को प्राथमिकता देना जरूरी है। उन विषयों पर ध्यान केंद्रित करें जो आपको सबसे चुनौतीपूर्ण लगते हैं, क्योंकि इनमें सबसे अधिक समय और प्रयास की आवश्यकता होती है। कार्यों की सूची बनाएं और उनका निर्धारण समय के अनुसार करें। इससे तैयारी करने में आसानी होगी।

कैलेंडर का करें प्रयोग
परीक्षा के दौरान अपने समय का सदुपयोग करने के लिए कैलेंडर का उपयोग करना चाहिए। कैलेंडर को निश्चित समय के लिए तय करें और उस दौरान पढ़ाई पर ध्यान दें। जब आप तैयारी के दौरान थक जाएं तो ब्रेक लें। क्योंकि इससे आपको ध्यान केंद्रित करने में मदद मिलेगी। साथ ही आप थकेंगे भी नहीं।
पढ़ाई के समय फोन से दूर रहें
पढ़ाई के दौरान आपका ध्यान न भटके इसलिए फोन सहित अन्य ध्यान भटकाने वाले उपकरणों को बंद रखें। कोशिश करें कि अपने लिए एक ऐसा कमरा या जगह चुने, जहां पर शोर न हो। क्योंकि, अक्सर घर के सदस्य ऊंची आवाज में बात करते हैं तो पढ़ाई से ध्यान हट जाता है।
अच्छी नींद जरूर लें
तैयारी के दौरान अच्छी नींद जरूर लें। हर रात में कम से कम सात घंटे जरूर सोएं। इससे आप ताजा महसूस करेंगे। साथ ही आपका पढ़ने में मन भी लगेगा। अगर आप रात में अच्छी नींद नहीं लेंगे तो पूरा दिन तैयारी में मन नहीं लगेगा।
अनुशासित रहें
किसी भी परीक्षा की तैयारी के दौरान व्यवस्थित और अनुशासित रहें। इससे आपको परीक्षा के दौरान मदद मिलेगी। अपने अध्ययन सामाग्री को साफ-सुथरा और व्यवस्थित रखें और सुनिश्चित करें कि अध्ययन शुरू करने से पहले आपके पास वह सब कुछ है जिसकी आपको आवश्यकता है।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : कमला विहार में बिजली-पानी की समस्या से जूझ रहे 300 परिवार
