Kanpur News: मार्च से ‘द स्पोर्ट्स हब’ में EWS खिलाड़ियों का होगा प्रशिक्षण; शहर के 730 खिलाड़ियों को मिल चुका है लाभ...

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Shukla
On

कानपुर, अमृत विचार। ‘द स्पोर्ट्स हब’ में आर्थिक रूप से कमजोर (ईडब्ल्यूएस) प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के प्रशिक्षण का चौथा चरण एक मार्च से शुरू होगा। इसके लिये खिलाड़ियों का चयन पूरी पारदर्शिता के साथ उच्चस्तरीय कमेटी करेगी। 11 इंडोर खेलों में चयनित किये जाने वाले ईडब्ल्यूएस शामिल होंगे। चौथे चरण के लिये लगभग चार सौ आउटस्टैंडिंग खिलाड़ियों का चयन किया जायेगा। 

टीएसएच में गुरुवार को हुई प्रेस वार्ता में ईडब्ल्यूएस खिलाड़ियों की चयन कमेटी के सदस्य पीके श्रीवास्तव (ट्रांसस्टेडिया के प्रतिनिधि व टीएसएच के डायरेक्टर ऑपरेशंस), अपर नगर आयुक्त जगदीश यादव ने बताया कि प्रशिक्षण के चौथे चरण के लिये ईडब्लयूएस खिलाड़ियों का चयन पूरी पारदर्शिता के साथ किया जायेगा। इसमें बैडमिंटन, बास्केटबॉल, बॉक्सिंग, जूडो, कबड्डी, कराटे, शूटिंग, स्विमिंग, टेबल टेनिस और ताइक्वांडो आदि 11 इंडोर गेम्स में ईडब्लयूएस खिलाड़ियों को प्रशिक्षित किया जायेगा। यह प्रशिक्षण तीन माह के लिये होगा।  

इंटरनेशनल टेबल टेनिस खिलाड़ी व अध्यक्ष-उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस एसोसियेशन संजीव पाठक ने बताया कि सिलेक्शन ट्रायल में भाग लेने वाले ईडब्ल्यूएस के खिलाड़ियों से किसी तरह का शुल्क नहीं लिया जाता है। यहां तक की रजिस्ट्रेशन फार्म भी निशुल्क होता है। इस दौरान सचिव- उ.प्र. एथलेटिक्स एसोसियेशन दिवेश दिवेदी, इंडिपेंडेंट सीए हर्ष अग्रवाल और  प्रबंध निदेशक टीएसएच राजीव अग्रवाल भी रहे। 

12 फरवरी से मिलेगा फॉर्म

पीके श्रीवास्तव ने बताया कि सिलेक्शन ट्रायल के लिये रजिस्ट्रेशन फार्म 12 फरवरी से मिलना शुरु हो जायेंगे। फार्म जमा करने की अंतिम तिथि 17 फरवरी तय की गई है और 21 फरवरी से चयन की प्रक्रिया प्रारंभ होगी। आवेदक खिलाड़ियों को अभिभावक के आय प्रमाण पत्र के अलावा आधार कार्ड, पिछले खेल परिणामों का विवरण दाखिल करना होगा। 

730 ईडब्लयूएस खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया

पीके श्रीवास्तव ने बताया कि पहले चरण में 262, दूसरे चरण में 288 और तीसरे चरण में 180 यानि अब तक 730 ईडब्लयूएस खिलाड़ियों को 11 खेलों में प्रशिक्षित किया जा चुका है। प्रशिक्षित किये इन खिलाड़ियों में से राज्य और राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय परिणाम दिये हैं। राहुल व अभिषेक समेत छह हैंडीकैप खिलाड़ियों को एक साल की फ्री मेम्बरशिप भी टीएसएच में दी गई। इसके अलावा टीएसएच में आयोजित हुई किसी भी प्रतियोगिता में इंट्री फीस नहीं ली गई। इस साल टीएसएच के 27 ईडब्ल्यूएस खिलाड़ियों ने विभिन्न स्टेट और नेशनल प्रतियोगिताओं में पदक जीतने का श्रेय प्राप्त किया है।

ईडब्ल्यूएस खिलाड़ियों के लिये खेल

बैडमिंटन,  बास्केटबाल,  बॉक्सिंग,  जूडो,  कबड्डी,  कराटे,  शूटिंग,  स्विमिंग,  टेबल टेनिस,  ताईक्वांडो, कुश्ती, टीएसएच मैनेजमेंट आदि हैं।

यह भी पढ़ें- Kanpur: बाल संरक्षण आयोग के सदस्य डॉ. प्रियरंजन के विदेश भागने की आशंका; किसान की आत्महत्या मामले में है आरोपी...

संबंधित समाचार