आगरा में SGST टीम की बड़ी कार्रवाई, बुलियन कारोबारी के ठिकानों पर Raid
आगरा, अमृत विचार। आगरा में स्टेट जीएसटी टीम ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। शुक्रवार को स्टेट जीएसटी की टीम ने किनारी बाजार में बुलियन कारोबारी के यहां रेड की है। टीम ने एक साथ घर सहित कई ठिकानों पर छानबीन की। किनारी बाजार में टीम की कार्रवाई से खलबली मच गई। दोपहर तक बड़ी संख्या में दुकानें खुली ही नहीं।
मशहूर बुलियन कारोबारी के बीपीएन ग्रुप के कई ठिकानों पर स्टेट जीएसटी ने छापेमार कार्रवाई की। किनारी बाज़ार, जूताराम फाटक मार्केट में स्थित प्रतिष्ठान पर जीएसटी की टीम पहुंची। इसके साथ ही आगरा, लखनऊ और मथुरा के प्रतिष्ठानों पर भी छापा मारा गया। बताया गया है कि लम्बे समय से जीएसटी विभाग टैक्स चोरी से सम्बंधित गड़बड़ियों को लेकर छानबीन कर रहा था। टीम को कुछ अहम सुराग हाथ लगे, उसके बाद कार्रवाई की गई।
टीम ने आरबीएस कॉलेज के पास कारोबारी के आवास पर भी छापा मारा है। जीएसटी विभाग की कार्रवाई से बुलियन कारोबारियों में खलबली मची हुई है। इस रेड में बड़ी टैक्स चोरी पकड़े जाने की आशंका जताई जा रही है।
ये भी पढ़ें -अब बरेली-प्रयागराज में भी मिलेगी सीटी स्कैन की सुविधा, ब्रजेश पाठक ने मशीनों का किया लोकार्पण
