मुरादाबाद : अमृत भारत स्टेशन योजना शुरू, रेलवे को किया जाएगा आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित
मुरादाबाद, अमृत विचार। केंद्र सरकार की अमृत भारत स्टेशन योजना चंदौसी का कायाकल्प करेगी। मुरादाबाद-चंदौसी (44 किलोमीटर) ट्रैक दोहरीकरण के पहले इस रेलवे को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाना है। इसे अंतर्राष्ट्रीय स्तर की सेवाओं और पहचान के लिए विकसित किया जा रहा है।
रेल सेवा विस्तार के लिए अमृत भारत स्टेशन योजना शुरू की गई है। यह योजना निश्चित दृष्टिकोण के आधार पर विकास की परिकल्पना के आधार पर तैयार की गयी है। इसी माह अंतरिम बजट में सरकार ने साल 2019 की चयनित रेल दोहरीकरण का धन अवमुक्त कर दिया है। इस मद में 400 करोड़ रुपये व्यय हो रहा है। उधर, बीते साल इस खंड का विद्युतीकरण कर दिया गया, जिससे अब ट्रेनों की गति बढ़ गयी है। इसे रेल खंड का मालवाहक गाडियों के मुख्य रूट के तौर पर प्रयुक्त किया जा रहा है।
विभाग की योजना में इस बात का ऐलान है कि स्टेशन तक आसान पहुंच, सर्कुलेटिंग एरिया, वेटिंगहॉल, शौचालय, लिफ्ट/एस्केलेटर, स्वच्छता, मुफ्त स्थानीय उत्पादों के लिए कियोस्क की सुविधा देना है। मास्टर प्लान के आधार पर यह कार्य किया जाना है। एक स्टेशन एक उत्पाद, बेहतर यात्री सूचना प्रणाली, लाउंज, प्याऊ के लिए नामांकित स्थान, भू-निर्माण जैसी योजनाएं तय हैं। भवन सुधार, स्टेशन को शहर के दोनों तरफ से एकीकृत करना, मल्टी-मॉडल एकीकरण, दिव्यांगजनों के लिए सुविधाएं, टिकाऊ और पर्यावरण के अनुकूल समाधान, गिट्टी रहित ट्रैक, रूफ प्लाजा की भी परिकल्पना की गई है। लंबे समय में स्टेशन पर सिटी सेंटरों का निर्माण होना है। आधुनिकीकरण के लिए देश के 1309 स्टेशनों में चंदौसी स्टेशन भी एक है।
स्टेशन पर सुविधा के प्रकार
- ट्रैफिक सर्कुलेशन में सुधार और सर्कुलेटिंग एरिया (2877 वर्ग मीटर) का सौंदर्गीकरण
- प्रवेश द्वार का प्रावधान (260 वर्ग मीटर)
- दिव्यांग शौचालय सुविधाओं का प्रावधान (15 वर्गमीटर)
- अग्रभाग एवं उन्नयन कार्यों में सुधार
- एसी वेटिंग हॉल (82 वर्ग मीटर) का निर्माण
- शौचालय ब्लॉक (पुरुष एवं महिला) (147 वर्ग मीटर) का प्रावधान
- पार्किंग क्षेत्र का प्रावधान (968 वर्गमीटर)
- रैंप सहित 12 मीटर चौड़े फुट ओवरब्रिज
मंडल में कुल 17 स्टेशन इस योजना में चयनित हैं। रेलवे की गति शक्ति योजना को स्टेशनों के विकास का जिम्मा सौंपा गया है। पहली बार इस तरह से स्टेशन के कायाकल्प के लिए की योजना पर कार्य शुरू हुआ है। योग नगरी ऋषिकेश स्टेशन की तरह चंदौसी को विश्व स्तरीय रेल सेवाओं के लिए चुना गया है।-सुधीर सिंह, प्रवर मंडल वाणिज्य प्रबंधक
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : छात्र पढ़ाई के समय फोन रखें दूर, एकांत में करें अध्ययन
