रायबरेली: पुलिस के सामने राजस्व टीम पर हमला, लेखपाल को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, कानून गो के साथ की धक्का-मुक्की

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अवैध कब्जेदारों ने बीचबचाव करने पहुंचे कानून गो के साथ की धक्का-मुक्की, रिपोर्ट दर्ज

लालगंज/रायबरेली, अमृत विचार। पुलिस के साथ अवैध कब्जा हटवाने पहुंची राजस्व टीम पर कब्जेदारों ने हमला कर दिया। इतना ही नहीं लेखपाल को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। वहीं बीचबचाव करने पहुंचे कानून गो के साथ भी धक्का-मुक्की की। इसके बाद पुलिस के हस्तक्षेप से किसी तरह राजस्व टीम को हमलावरों से बचाया गया। मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामला क्षेत्र के पूरे मधई मजरे लालूमऊ गांव का है।

लेखपाल ऋषिकांत ने लालगंज पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि पूरे मधई गांव के सूरज पुत्र केशन, धनंजय पुत्र लल्लू प्रसाद और गीता पत्नी मुन्नीलाल बंजर जमीन पर कई दिन से कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे। उक्त लोगों को जरिये प्रशासनिक नोटिस बंजर भूमि पर कब्जा करने से रोकने का भी प्रयास किया गया था, लेकिन नोटिस के बावजूद जब बंजर भूमि पर निर्माण कार्य बदस्तूर जारी था तो राजस्व की टीम ने मय पुलिस फोर्स के मौके पर पहुंचकर बंजर भूमि से अतिक्रमण हटाने का प्रयास किया गया।

प्रयास करते ही कब्जेदार राजस्व टीम पर हमलावर हो गए और लेखपाल को मारने पीटने लगे। लेखपाल को पिटता देख बचाने दौड़े कानून गो के साथ भी कब्जेदारों द्वारा धक्का मुक्की किया गया। मामले में लालगंज पुलिस ने लेखपाल ऋषिकांत की तहरीर पर आरोपी गणों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक शिवशंकर सिंह ने बताया कि सरकारी काम में बाधा और मारपीट के बाबत मुकदमा पंजीकृत हुआ है। विवेचना की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ सख्त करवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें -प्रभु राम अजर हैं, अमर हैं और सबके हैं.., भगवान राम को लाने वाले कर रहे हैं राम का अपमान, बोले अखिलेश यादव

संबंधित समाचार