बाराबंकी : लोकसभा चुनाव में 95 लाख रुपये तक खर्च कर सकेंगे प्रत्याशी, कई दरों में हुआ इजाफा 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रीतेश श्रीवास्तव/ बाराबंकी, अमृत विचार। लोकसभा चुनाव को लेकर भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां शुरु की जा चुकी हैं। मतदाता सूची के साथ, क्रिटिकल और वरर्नेबुल बूथों का निर्धारण हो गया है। ईवीएम भी तैयार होकर निर्वाचन कार्यालय के डबल लॉक गोदाम में रखी हैं। वहीं अब आयोग द्वारा लोकसभा चुनाव के बिगुल का इंतजार किया जा रहा है लेकिन इससे पहले भारत निर्वाचन आयोग ने चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों के खर्च की सीमा भी तय कर दी है। लोकसभा चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशी अब अधिकतम 95 लाख रुपये तक धनराशि खर्च कर सकेंगे। पिछले 2019 के चुनाव में खर्च की धनराशि 70 लाख रुपये निर्धारित की गई थी।   

पूर्व से चली आ रही व्यवस्था के अनुसार नामांकन के दिन से प्रत्याशियों के चुनावी खर्च का लेखा जोखा शुरू हो जाता है। इस बार भी ऐसी ही व्यवस्था रहेगी। लेकिन इस बार आयोग ने प्रत्याशियों के खर्च की सीमा अधिकतक 95 लाख रूपये कर दी है। प्रत्याशी अपने लोकसभा क्षेत्र में प्रसार-प्रचार के दौरान यह धनराशि खर्च करेंगे। इसके साथ ही चुनाव खर्च के लिए सभी प्रत्याशियों को अलग बैंक खाता खोलना होगा। यह खाता एकल अथवा निर्वाचन एजेंट के नाम से संयुक्त खाता हो सकता है। बैंक खाता नामांकन से एक दिन पहले खोल लिया जाने बात कही गई है। चुनाव से संबंधित खर्च का संचालन इसी खाते से किया जाएगा। चुनाव खर्च रजिस्टर प्रचार अवधि के दौरान कम से कम तीन बार प्रेक्षक के सामने निरीक्षण के लिए प्रस्तुत करना जरूरी होगा। कार्यालय खर्च से लेकर प्रचार सामग्री, कार्यकर्ताओं के भोजन, गाड़ियों आदि का खर्च चुनावी खर्च में जोड़ा जाएगा। इस बार आयोग खर्च की सीमा में पिछले 2019 के चुनाव की अपेक्षा 25 लाख रूपये अधिक की धनराशि बढ़ाई है। 2019 के चुनाव में खर्च की सीमा 70 लाख रूपये निर्धारित की गई थी। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सुनील पांडेय ने बताया कि खर्च की सीमा आयोग द्वारा बढ़ाई गई है।

जल्द तय होंगी विभिन्न मदों की दरें
अब चूंकि आयोग ने खर्च की सीमा में बढ़ोत्तरी की तो जाहिर से बात है कि प्रत्याशी के चुनावी खर्च के विभिन्न मदों की दरों में भी बढ़ोत्तरी होगी। जल्द ही आयोग के निर्देश पर निर्धारित किए जाने वाले मदों का रेट  निर्वाचन कार्यालय द्वारा जारी किया जाएगा। इसी के आधार पर प्रत्याशी के चुनावी खर्च का हिसाब व्यय रजिस्टर में जोड़ा जाएगा। 

2019 के लोकसभा चुनाव में निर्धारित की गईं दरों पर एक नजर-
कुर्सी फैंसी     आठ रुपये रोजाना
कुर्सी सामान्य     पांच रुपये रोजाना
कुर्सी बैंक्वेंट     25 रुपये प्रति पीस
कुर्सी कवर      10 रुपये प्रति पीस
सोफा कवर     50 रुपये प्रतिदिन
परदे     एक रुपये स्क्वायर  फीट प्रतिदिन

खानपान के सामान
कोल्ड ड्रिंक  80 रुपये -दो लीटर
चाय    आठ रुपये प्रति कप
कॉफी    15 रुपये प्रति कप
मिठाई    400 रुपये प्रति किलोग्राम
समोसा    10 रुपये प्रति पीस
पानी बोतल    18 रुपये प्रति बोतल
फूड पैकेट    70 रुपये प्रति (आठ पूरी, सब्जी, अचार, लड्डू)

रैलियों में बसों के लिए रेट
15 से 24 सीट    1002 प्रति दिन
25 से 34 सीट    1129 प्रति दिन
35 से 40 सीट    1263 प्रति दिन
41 से 45 सीट    1306 प्रति दिन
46 सीट से ज्यादा     1482 प्रति दिन

हैलीपैड निर्माण के रेट 
ईंट से तैयार पक्का हेलीपैड    2.20 लाख 
बिना ईंट के कच्चा हेलीपैड    1.60 लाख

ये भी पढ़ें -लखनऊ : विद्यादायिनी मां सरस्वती को नमन करने पहुंचे हजारों लोग, तस्वीरों में देखिए 112 साल पुरानी परंपरा के मनमोहक दृश्य

संबंधित समाचार