लखीमपुर-खीरी: तस्कर काट ले गए छह चंदन के पेड़, पुलिस सुस्त
लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार: थाना खीरी की पुलिस चौकी व कस्बा ओयल में चंदन के पेड़ों पर तस्करों की नजर लगी है। डेढ़ महीने बाद तस्कर मोहल्ला गढ़ी शिवाला में एक घर के बाहर लगे पांच और पड़ोस के बगीचे से एक चंदन के पेड़ काट ले गए। पेड़ स्वामी ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
मोहल्ला गढ़ी शिवाला निवासी लाल सिंह पुत्र बाबू सिंह बताया कि उनके घर के बाहर लगे बगीचे से मंगलवार की रात चोर पांच चंदन के पेड़ काट ले गए। वह सुबह जब सोकर उठे तो जानकारी हुई। उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की। इसके अलावा मोहल्ले के ही शिवकुमार अवस्थी के बगीचे में लगा एक पेड़ भी तस्कर काट कर ले गए हैं।
पुलिस ने मौके से एक पानी बोतल व सिगरेट जलाने वाला लाइटर भी बरामद किया है, जिसे पुलिस ने कब्जे में लिया है। पीड़ितों ने अज्ञात चोरों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है, लेकिन पुलिस ने अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। चंदन के पेड़ों को काटे जाने की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी तस्कर तमाम पेड़ काटकर ले जा चुके हैं। सर्दी के शुरू होने से लेकर समाप्त होने तक चंदन तस्कर सक्रिय रहते हैं।
अब तक यह हो चुकी घटनाएं
11 दिसंबर 2020 को ग्राम सुंशी निवासी नीरज तिवारी के घर के पास लगा एक चंदन का पेड़ चोरी।
22 दिसंबर 2022 को कस्बे के शिवाला गढी में शिवकुमार अवस्थी के घर के बाहर बगीचे से एक चंदन का पेड़ चोरी।
21जनवरी 2022 को लाल सिंह, विक्रम सिंह और शिवकुमार अवस्थी घर के बाहर बगचे में लगे 15 पेड़ तस्कर काट ले गए।
26अगस्त 2022 को कस्बे के मोहल्ला मुराउन टोला में संजीव सिंह के घर से करीब चार सौ मीटर दुर लीची की बाग से एक पेड़ चोरी।
तहरीर मिली है। जांच की जा रही है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। जल्द ही तस्करों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा---सुबोध जायसवाल, सीओ सिटी।
यह भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी: पैंकीपुर बवाल में 17 नामजद, 70-80 अज्ञात पर रिपोर्ट, पांच पुलिसकर्मियों ने कराया मेडिकल
