गोंडा: कोहरा बना काल! किसी ने खोया परिवार का मुखिया तो किसी के घर का बुझ गया चिराग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सड़क हादसों में गई 4 की जान, 7 घायल

गोंडा, अमृत विचार। बुधवार की रात से छाए भीषण कोहरे ने चार लोगों की जिंदगी निगल ली। इन हादसों मैं किसी के घर का मुखिया छीन गया तो किसी के घर का चिराग ही बुझ गया। जिले के तीन अलग अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में 4 लोगों की मौत हो गयी जबकि 7 अन्य घायल हो गए। 

घायलों को इलाज के लिये जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों में दो सगे भाई भी शामिल हैं जो एक बोलेरो पर बैठक कर अयोध्या दर्शन के लिए जा रहे थे। पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और घटना की जांच में जुटी है‌। इन हादसों में जान गंवाने वाले मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा है।

पहली घटना गोंडा बहराइच मार्ग पर आर्यनगर कस्बे के हिसाब तिवारीपुरवा छितौनी गांव के निकट सुबह 8 बजे हुई। श्रावस्ती जिले के इकौना क्षेत्र से श्रद्धालुओं को लेकर अयोध्या जा रही बोलेरो को सीमेंट से लदे हुए एक तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से ठोकर मार दी।

cats03

बताया जा रहा है कि घना कोहरा होने के कारण दोनों वाहनों के चालक एक दूसरे को देख नहीं सके और यह भीषण हादसा हो गया। इस हादसे में श्रावस्ती जनपद के इकौना थाना क्षेत्र के तिवारी मनोहरपुर निवासी दो सगे भाई सुनील तिवारी (50) व ननके तिवारी (45) निवासी की मौके पर ही मौत हो गयी।
 
जबकि भिनगा थाना क्षेत्र के पूरे उदई निवासी शिवम मिश्रा (25) पुत्र राम किशुन, बोलेरो चालक बजरंगी (30) पुत्र लल्लन बन्दरहवा थाना इकौना श्रावस्ती व 8 वर्षीय सौरभ पुत्र परीक्षित तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

हादसे में बोलेरो का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर उन्हे पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हादसे की सूचना मिलने पर परिजन श्रावस्ती से गोंडा पहुंचे। इस घटना से मृतकों के परिवार में कोहराम मचा है। थानाध्यक्ष कौड़िया अंकुर वर्मा ने बताया कि ट्रक व बोलेरो को कब्जे में लिया गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जायेगी।  

दूसरी घटना बभनान–मसकनवा मार्ग पर परसा तिवारी पेट्रोल के पास हुई जहां एक ट्रैक्टर ट्राली ने ई रिक्शा को ठोकर मार दी। ठोकर लगने से ई रिक्शा पलट‌ गया और उसमें बैठे छपिया थाना क्षेत्र के महमूदपुर गांव निवासी शारदा प्रसाद पाण्डेय(50) की मौत हो गयी। जबकि विवेक पाण्डेय पुत्र आशाराम पाण्डेय( 32), उनकी पत्नी अंजनी पाण्डेय (30) व कुशलावती पत्नी संजय कुमार (46) निवासी बेलाडे शुक्ल हरैया जिला बस्ती गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह सभी लोग बाबा बागेश्वर धाम मंदिर गए थे और वहां से बुधवार की रात इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन से बभनान पहुंचे थे। बभनान से अपने गांव महमूदपुर के लिए बैटरी वाली ऑटो रिक्शा से जा रहे थे तभी परसा तिवारी पेट्रोल पंप के पास यह  हादसा हो गया। विवेक पाण्डेय व उनकी पत्नी अंजनी को गंभीर हालत‌ में लखनऊ रेफर किया गया है। थानाध्यक्ष सतेंद्र वर्मा ने बताया कि मृतक शारदा प्रसाद पाण्डेय की पत्नी पूनम पांडेय की तहरीर पर शव को पंचायत नामा कराकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अन्य विधिक कार्यवाही की जा रही है।

कार की ठोकर से बाइक सवार चाचा की मौत ,भतीजा घायल 

वजीरगंज थाना क्षेत्र के परसहवा  निवासी अतुल पांडेय (24) अपने भतीजे आयुष पांडेय के साथ पड़ोसी गांव अचलपुर में निमंत्रण के लिए गए थे। गोंडा अयोध्या हाईवे पर वजीरगंज से आ रही कार से आमने-सामने भिड़ंत हो गई जिसमें अतुल पांडेय की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बाइक पर बैठे आयुष पांडेय गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक अतुल अपने परिवार का इकलौता चिराग था और एक वर्ष पूर्व उसकी शादी हुई थी‌। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि बाइक सवार ने हेलमेट नहीं लगाया था। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। कार को कब्जे में ले लिया गया है।

यह भी पढ़ें:-गोंडा: स्वरोजगार की उम्मीदों पर बैंकों का अड़ंगा, लोन के 1153 आवेदन लंबित

 

संबंधित समाचार