हल्द्वानी: कल से बदलेगा मौसम का मिजाज, प्रशासन अलर्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। मौसम विभाग देहरादून के पूर्वानुमान के अनुसार जनपद नैनीताल में 19 से 21 फरवरी तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने की भी संभावना है। इसको लेकर जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है।

मौसम विभाग के अनुसार 19 व 20 फरवरी को पूरे राज्य में बारिश की संभावना है। 2800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी हो सकती है। इसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जारी अलर्ट को देखते हुए नैनीताल जिला प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट हो गया है। एडीएम फिंचाराम चौहान ने बताया कि जनपद के पर्वतीय एवं मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं मध्यम वर्षा, शीत लहर के साथ-साथ पाले की संभावना है।

अतिवृष्टि, ओलावृष्टि व हिमपात से संभावित क्षति एवं मार्ग बाधित होने की घटनाओं से निपटने के लिए अधिकारियों को अलर्ट कर दिया गया है। लोनिवि के समस्त संबंधित खण्डों में हिमपात, भूस्खलन से संवेदनशील मार्गों व स्थानों पर उक्त अवधि में जेसीबी मशीनों व गैंग कर्मिकों की तैनाती 24 घंटे सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही सभी जिला, परगना, विकासखंड एवं संबंधित क्षेत्राधिकारी अपने-अपने मुख्यालय पर बने रहेंगे और आपदा संबंधी सूचना तहसील कंट्रोल रूम एवं जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे।

संबंधित समाचार