शाहजहांपुर: बदमाशों ने घर के दरवाजे पर युवक को गोलियों से भूना, दहशत का माहौल

Amrit Vichar Network
Published By Moazzam Beg
On

 शाहजहांपुर, अमृत विचार। परौर थाना क्षेत्र के गांव तलिकापुर में घर के दरवाजे पर बदमाशों ने युवक को गोलियों से भून कर हत्या कर दी और फरार हो गए। एसपी सहित तमाम अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर जांच-पड़ताल की है। हमलावारों का पता नहीं चल सका है। हत्याकांड के खुलासे के लिए चार टीमों का गठन किया गया है।
गहरी नींद में सो रहे गांव तलिकापुर गांव के लोग शुक्रवार रात लगभग 11 बजे गोलियों की आवाज सुनकर अचानक जाग गए। पता चला कि राजवीर नाम के युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है और बदमाश फरार हो गए हैं। हमलावरों ने दरवाजे पर वारदात को अंजाम दिया है।

एसपी ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की। अधिकारियों ने बताया कि राजवीर (38) मूलरूप से बदायूं के बिसौली थाना क्षेत्र के शिव कॉलोनी के रहने वाले थे। बीते कई साल से वह अपनी पत्नी सोनी के मामा वीरपाल के परौर थाना क्षेत्र के गांव तलिकापुर में रह रहे थे। उसने अपना अलग मकान भी बनवा लिया था।

वह पटके पर खेत लेकर खेती किया करता था। बीते दिनों वह बदायूं गया था। शुक्रवार रात करीब 11 बजे राजवीर वापस आया और दरवाजे पर पत्नी को आवाज दी। पत्नी अंदर से निकलकर बाहर आ रही थी, तभी गोली चलने की आवाज आई। पत्नी भागकर बाहर आई तो घायल पति तड़प रहा था।

गोली चलने की आवाज और सोनी की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग आ गए। घटना से गांव में सनसनी फैल गई।  सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस घायल राजवीर को लेकर कलान पीएचसी पहुंची, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। राजवीर के सिर और पेट में गोलियां लगी हैं।

राजवीर के दो भाई सुखवीर, रामवीर और दो बहनें प्रीति और वीना हैं। सुखवीर की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। 
राजवीर के दो बेटे चार वर्षीय देवांश और तीन वर्षीय सूर्यांश हैं। एसपी अशोक कुमार मीणा ने बताया कि हत्यारों की तलाश में चार टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

ये भी पढ़ें-शाहजहांपुर: प्रेमी के घर पहुंची प्रेमिका...निकाह करने पर अड़ी, परिजन मनाने में जुटे

संबंधित समाचार