लखीमपुर-खीरी: कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पुलिस भर्ती परीक्षा संपन्न, दूसरे दिन 4891 अभ्यर्थियों ने छोड़ा पेपर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। यूपी पुलिस की सिपाही भर्ती परीक्षा दूसरे अंतिम दिन रविवार को 35 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न कराई गई। दोनों पालियों में 28805 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 4891 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही कतार लगाकर परीक्षार्थियों को मेटल डिटेक्टर, बायोमैट्रिक व फोटोस्कैन के बाद प्रवेश कराया गया। 

जनपद के 35 परीक्षा केंद्रों पर प्रत्येक पाली के लिए पंजीकृत परीक्षार्थी 16848 के सापेक्ष पहली पाली में 14587 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, तो 2261 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इसी तरह से दूसरी पाली में 14218 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, तो 2630 परीक्षार्थियों ने परीक्षा से किनारा कर लिया। परीक्षा को निष्पक्ष एवं पारदर्शी, सुचितापूर्ण ढंग से सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रत्येक परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल तैनात रहा। 

प्रथम पाली में सुबह नौ बजे से ही परीक्षार्थियों की भीड़ केंद्रों के बाहर जुटना शुरू हुई, जिससे केंद्रों के मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रही। परीक्षा केंद्र पर सबसे पहले परीक्षार्थियों ने प्रवेश के बाद अपने रूम को जानने के लिए सूचना बोर्ड को खंगाला। इसके बाद उन्होंने संबंधित रूम में परीक्षा के लिए प्रवेश किया। 

डीएम महेंद्र बहादुर सिंह, एसपी गणेश प्रसाद साहा से लेकर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की टीमें लगातार परीक्षा केंद्रों का भ्रमण करती रहीं। पुलिस की खुफिया सेल सोशल मीडिया से लेकर तमाम गतिविधियों की निगरानी करती रही। डीएम महेंद्र बहादुर सिंह व एसपी गणेश प्रसाद साहा ने साई विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, लीलाकुआं समेत अन्य कॉलेजों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखीं। 

एडीएम संजय कुमार सिंह ने सनातन धर्म सरस्वती विद्या मंदिर बालिका इंटर कॉलेज, आर्य कन्या इंटर कॉलेज, कुंवर खुशवख्तराय विद्यालय, ला मार्टिना समेत विभिन्न परीक्षा केंद्रों का जायजा लिया। हर केंद्र पर मजिस्ट्रेट व इंस्पेक्टर की अगुवाई में भारी पुलिस बल व महिला सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी में मेटल डिटेक्टर, फोटो स्कैनर, बायोमीट्रिक सत्यापन के बाद परीक्षार्थियों को प्रवेश कराया गया। 

परीक्षा संपन्न होने के बाद सभी ओएमआर शीट जमा कराने के बाद परीक्षार्थियों को केंद्र से बाहर जाने की अनुमति दी गई। शाम को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच ओएमआर सील लिफाफों में कोषागार के डबल लॉक में सुरक्षित रखवाई गई। दोनों पालियों की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

परीक्षा छूटने के बाद जाम से जूझे लोग  
पहली और दूसरी पाली की परीक्षा छूटने के बाद चौराहे और मार्ग पर भीषण जाम लग गया, लेकिन शनिवार की अपेक्षा रविवार को और अधिक व्याप्क इंतजाम होने के कारण लोगों को काफी देर तक जाम से नहीं जूझना पड़ा। दूसरे दिन भी पुलिस के ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने में पसीने छूट गए।

जिले में 35 परीक्षा केंद्रों पर रविवार को दूसरे दिन भी दो पालियों में पुलिस भर्ती परीक्षा आयोजित की गई। सुबह परीक्षार्थियों के परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने को लेकर कोई समस्या नहीं हुई। ट्रैफिक पुलिस के साथ सुरक्षा ड्यूटी में पुलिस पूरी तरह से सतर्क रही, लेकिन सुबह जब पहली पाली की परीक्षा छूटी और इसके साथ ही दूसरी पाली के परीक्षार्थी परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने लगे तो एक बार फिर जाम की स्थिति बन गई। 

मिश्राना चौराहा, कुंवर खुशवक्त राय वाली गली, कृष्णा टाकिज रोड और रेलवे स्टेशन के सामने वाहन जाम में फंस गए। हालांकि शनिवार को फेल हुई यातायात व्यवस्था को लेकर रविवार को ट्रैफिक पुलिस ने नई रणनीति बनाई थी, जिसकी वजह से शहर अधिक देर तक जाम में फंसा नहीं रहा। 

रानीगंज में ओवरव्रिज की तरफ आने वाली दो गलियों का आवागमन रोक दिया गया था। इन गलियों से आने जाने वाले छोटे वाहनों को धर्मशाला की गली से होते हुए निकाला गया। इससे रेलवे स्टेशन के पास अधिक देर तक जाम नहीं रही। करीब आधे घंटे के भीतर ही जाम खुल गई और यातायात व्यवस्था सामान्य हो गई। परीक्षार्थियों को भी शहर के बाहर निकलने में काफी दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ा। 

यही हाल शाम को भी रहा। परीक्षा शुरू होने से पहले कहीं कोई दिक्कत नहीं थी, लेकिन परीक्षा समाप्त होने पर जाम की स्थिति बनी, लेकिन काफी देर तक नहीं रही। उधर, रोडवेज बसअड्डे पर भी परीक्षार्थियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू होने पर बसें फुल होने लगीं। इससे बसअड्डे पर भी काफी देर तक भीड़ का माहौल बना रहा, जिससे यात्रियों को थोड़ी परेशानी भी हुई।

ये भी पढे़ं- लखीमपुर-खीरी: जलौनी लकड़ी लेने जंगल गए तीन थारुओं को पकड़ने पर बवाल, जमकर नारेबाजी

 

संबंधित समाचार