PM Modi Sambhal Visit : प्रधानमंत्री की सुरक्षा को बेहद कड़े प्रबंध, चप्पे-चप्पे पर निगरानी
एसपीजी की देखरेख में सुरक्षा एवं निगरानी के लिए 100 से अधिक अधिकारियों की लगाई ड्यूटी, अर्द्धसैनिक बल के जवानों के साथ ही कई जनपदों का पुलिस बल तैनात
संभल, अमृत विचार। श्री कल्कि धाम के शिलान्यास के लिए आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा का खाका खींचकर बेहद कड़े पुलिस प्रबंध किये गये हैं। परिक्षेत्र के पुलिस अधिकारियों के अलावा जोन और उसके बाहर से 100 से अधिक अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं केंद्रीय खुफिया एजेंसी के साथ स्थानीय एजेंसियां भी पूरी तरह से सक्रिय हैं।
संभल के ऐंचौड़ा कम्बोह में आज 19 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कल्कि धाम का शिलान्यास किया जाएगा। कई दिनों से डीएम मनीष बंसल और एसपी कुलदीप सिंह गुनावत तैयारियां कराने में जुटे हैं। पिछले तीन दिन से प्रधानमंत्री के कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा का जिम्मा एसपीजी ने संभाल रखा है। सुरक्षा को लेकर कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रोटोकॉल के मुताबिक प्रधानमंत्री की सुरक्षा के लिए बाहर से भी अधिकारी बुलाए गए हैं। इनमें आठ से ज्यादा आईपीएस स्तर के एसपी, 38 एएसपी और 80 से ज्यादा डिप्टी एसपी ड्यूटी पर लगाये गए हैं। एसपीजी की निगरानी में सुरक्षा का खाका तैयार किया गया है।
मुरादाबाद परिक्षेत्र के सभी जिलों के अधिकारियों के अलावा जोन से भी अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। शिलान्यास कार्यक्रम स्थल पर प्रधानमंत्री की सुरक्षा को लेकर तैयारी को अंतिम रूप दे दिया गया है। हरेक बिंदु को लेकर बारीकी से जांच के बाद ही सुरक्षा का खाका खींचते हुए तैयारी पूरी की गई है। दूसरी तरफ केंद्रीय खुफिया एजेंसी के साथ ही स्थानीय एजेंसी भी सक्रिय है।
खास सुरक्षा में मंच तक जाएंगे प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को लेकर सबसे खास सुरक्षा इंतजाम हेलीपैड से लेकर मंच तक किए गए हैं। एसपीजी की निगरानी में स्थानीय पुलिस के अधिकारियों की पूरी स्थिति पर नजर रहेगी।
ये भी पढ़ें ; PM Modi Sambhal Visit : प्रधानमंत्री आज करेंगे कल्कि धाम के गर्भगृह में आधार शिला स्थापित
