सुलतानपुर: धरातल पर उतरा 910 करोड़ का निवेश,138 इकाइयों का हुआ शुभारम्भ
ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी-4 का पं राम नरेश त्रिपाठी सभागार में हुआ आयोजन
सुलतानपुर, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश को विकसित प्रदेश बनाने के लिए ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी-4 का जिला स्तरीय कार्यक्रम पं. राम नरेश त्रिपाठी सभागार में सोमवार को आयोजित किया गया। इसी के साथ 910 करोड़ रुपये की 138 परियोजनाएं धरातल पर उतर गई। दावा किया जा रहा है कि इन इकाइयों की स्थापना होने के बाद 6,289 लोगों को रोजगार मिलेगा।
कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष डा. आरए वर्मा, सीडीओ अंकुर कौशिक सहित अन्य लोगों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। केश कुमारी राजकीय बालिका इंटर कालेज के छात्राओं ने सरस्वती वंदना व स्वागत गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त उद्योग अनूप श्रीवास्तव ने बताया कि उत्तर प्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 में जिले के 22 विभागों द्वारा 554 एमओयू हस्ताक्षर हुए थे। जिसके तहत 3169.13 करोड़ रुपए से 22,283 रोजगार भी प्रस्तावित थे। ग्राउण्ड ब्रेकिंग सेरेमनी-4 में 910 करोड़ रुपए से 138 इकाइयां स्थापित होंगी, जिससे 6,289 लोगो को रोजगार मिलेगा।
उन्होंने बताया कि इनमे से 41 इकाइयां कार्यरत हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष डा आर ए बर्मा ने बताया कि केंद्र व राज्य सरकार द्वारा उद्यमियों को सभी आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है। उद्यमियों को बिजली, पानी, सड़क, भूमि आसानी से उपल्ब्ध हो रही है। उत्तर प्रदेश में औद्योगिक विकास तीव्रगति से हो रहा है। पालिकाध्यक्ष प्रवीन कुमार अग्रवाल ने कहा कि इससे युवाओं को नये-नये रोजगार उपलब्ध हो रहे हैं। उत्तर प्रदेश में औद्योगिक विकास तीव्रगति से हो रहा है। भाजपा जिलाध्यक्ष, नगर पालिका अध्यक्ष, डीएम कृत्तिका ज्योत्स्ना, सीडीओ अंकुर कौशिक ने संयुक्त रुप से निवेशक दीपक सिंह, अभय सिंह, अभिषेक कुमार सिंह, आयुष जायवाल, राकेश निषाद, आकाश शर्मा, दिलशाद को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना में राकेश निषाद, आकाश शर्मा, दिलशाद हुसैन को भी सम्मानित किया गया। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अन्तर्गत अरविन्द कुमार, शनी देवल, मो सारूख, सत्य नारायण को टूलकिट्स देकर सम्मानित किया।लखनऊ के इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान से ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी-4.0 के शुभारम्भ कार्यक्रम का लाइव प्रसारण एलईडी स्क्रीन के माध्यम से जनप्रतिनिधियों, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी सहित उपस्थित उद्यमियों द्वारा देखा व सुना गया। लाइव प्रसारण के बाद जन प्रतिनिधियों व जिला स्तरीय अधिकारियो ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाये गए स्टालों का निरीक्षण किया।
दुग्ध उत्पादन, फूड पैक, पशुपालन का हब होगा सुलतानपुर
ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी-4 के बाद सुलतानपुर दुग्ध उत्पादन, शराब उत्पादन, पशुपालन का हब होगा। पशु पालन के लिए जितेंद्र सिंह 35 करोड़, डेयरी उत्पाद के लिए राजनाथ सिंह 60 करोड़, शराब कारखाना के लिए अरुण वर्मा 80.03 करोड़, भोजन पैकिंग के लिए संदीप सिंह 50 करोड़, जयभारत मिश्रा डेयरी उत्पाद के लिए 50 करोड़, राइस मिल के लिए केशव अग्रवाल 30 करोड़, कृष्ण प्रताप सिंह 20 करोड़, लकडी व्यवसाय के लिए अरविंद सिंह 50 करोड़ निवेश करेंगे।
ये भी पढ़ें -अयोध्या में 10156 करोड़ की 192 औद्योगिक इकाइयों की पड़ी नींव, देखा गया कार्यक्रम का सजीव प्रसारण
