प्रतापगढ़: साल्वर गैंग का अगुवा बेसिक शिक्षक गिरफ्तार, मिले जाली दस्तावेज
प्रतापगढ़, अमृत विचार। बेल्हा में सक्रिय प्रतियोगी परीक्षाओं में पास कराने का ठेका लेने वाली साल्वर गैंग का पुलिस ने खुलासा किया है। गैंग संचालक को सोमवार को नगर कोतवाली की पुलिस ने पकड़ा तो वह परिषदीय विद्यालय का शिक्षक निकला। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया। जानकारी पर बीएसए ने निलंबित भी कर दिया।
नगर कोतवाली पुलिस के निरीक्षक मनोज कुमार ने एक दरोगा और दो सिपाहियों के साथ चिलबिला रेलवे ओवरब्रिज के पास से प्रमोद कुमार यादव पुत्र छोटेलाल यादव निवासी ग्राम गजरिया, थाना पट्टी को हिरासत में लिया। पुलिस को तलाशी में उसके पास कूटरचित दस्तावेजों में आठ जाली आधार कार्ड, तीन पैन कार्ड, नौ प्रवेश पत्र, छह एटीएम कार्ड मिले।उस पर केस दर्ज किया गया। इस मामले में खास बात यह है कि प्रमोद व उसके पिता दोनों सुखऊ दुबौली प्राइमरी स्कूल पट्टी में ही तैनात हैं। दोनों के शैक्षिक अभिलेखों पर संदेह होने पर उच्च स्तर पर कुछ साल पहले शिकायत भी की गई थी, लेकिन उसमें कार्रवाई नहीं हुई। नगर कोतवाल आनंदपाल सिंह ने बताया कि पूछताछ में प्रमोद ने बताया है कि वह उसके छह-सात साथी एक गैंग बनाकर प्रतियोगी परीक्षा में पास कराने के नाम पर अभ्यर्थी को नकल कराने तथा उनको झांसा देकर पैसे ऐंठने का ठेका लेते हैं। वहीं बीएसए भूपेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी होंने पर आरोपी शिक्षक प्रमोद को सस्पेंड कर दिया गया है।
ये भी पढ़ें - प्रतापगढ़ में बिल्ली को पुचकारते दिखे राहुल गांधी, युवाओं से किया संवाद
