फिरोजाबाद: सड़क पर घायल युवकों को देख IAS अधिकारी ने रोका वाहन, अपनी गाड़ी से भेजा अस्पताल
फिरोजाबाद, अमृत विचार। एसडीएम सदर और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट का चार्ज संभाल रही कीर्ति राज ने मानवता की मिसाल पेश की है। थाना रसूलपुर क्षेत्र में सड़क हादसे में घायल बाइक सवार दो युवकों को एसडीएम ने उपचार के लिए सरकारी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया है।
थाना उत्तर के रहना निवासी 19 वर्षीय सोनी पुत्र महिपाल और 18 वर्षीय सुनील पुत्र श्रीपाल निवासी नगला भाऊ थाना दक्षिण बाइक पर सवार होकर शिकोहाबाद से आ रहे थे, तभी रास्ते में मोडा गांव के निकट उनकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। जिससे दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
उसी दौरान पीछे से एसडीएम कृति राज अपनी गाड़ी से आ रही थीं। भीड़ देख उन्होंने अपनी गाड़ी को रुकवाया। वह दोनों घायलों को उपचार के लिए अपनी गाड़ी से जिला अस्पताल लेकर आईं। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
इधर सूचना मिलते ही दोनों घायलों के परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए, दोनों का उपचार जारी है। उन्होंने एसडीएम का आभार व्यक्त किया। आईएएस अधिकारी कीर्ति राज 2021 बैच की आईएएस अधिकारी हैं और वर्तमान में फिरोजाबाद जनपद में तैनात हैं। इस समय कीर्ति राज के पास एसडीएम सदर और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट का प्रभार है।
यह भी पढ़ें- जीबीसी-4: सीएम योगी ने निवेशकों को डिनर पर बुलाया, कई मंत्री भी हुए शामिल
