Good news: 16.29 करोड़ से होगा शिवनगर गप्पीगंज महादेवा मार्ग का चौड़ीकरण

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

4.46 करोड़ से गौरा व मेहनौन में होगी सड़कों की मरम्मत

गोंडा, अमृत विचार। सड़क नेटवर्क को मजबूत करने के लिए प्रदेश सरकार ने जिले को 21 करोड़ रुपये की सौगात दी है। इन धनराशि से सड़क के चौड़ीकरण के साथ जर्जर संपर्क मार्गों की मरम्मत‌ करायी जायेगी। सदर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मनकापुर दर्जीकुंआ मार्ग के कैमी चौराहे से शिवनगर रेलवे क्रॉसिंग व गप्पीगंज चौराहा होते हुए गोंडा उतरौला(महादेवा) मार्ग का 16.29 करोड़ रुपये से चौड़ीकरण व सुदृढीकरण का कार्य कराया जायेगा। जबकि गौरा विधानसभा की दो व मेहनौन के पांच संपर्क मार्गों की मरम्मत पर 4.46 करोड़ रुपये खर्च किए जायेंगे। इन सड़कों के चौड़ीकरण और मरम्मत से करीब एक लाख की आबादी का आवागमन सुलभ हो सकेगा।

सदर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मनकापुर दर्जीकुंआ मार्ग के कैमी चौराहे से शिव नगर रेलवे क्रॉसिंग होते हुए गप्पीगंज चौराहे से गोंडा उतरौला मार्ग तक जाने वाली सड़क पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है। पुरानी होने के कारण सड़कों पर कई जगह गड्ढे बन गए हैं इससे राहगीरों और किसानों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह की तरफ से इस सड़क के चौड़ीकरण का प्रस्ताव भेजा गया था। इस प्रस्ताव को शासन से हरी झंडी मिल गयी है। 16.29 करोड़ रुपये से इस सड़क का चौड़ीकरण व मरम्मत का काम कराया जायेगा। इस सड़क का चौड़ीकरण होने के बाद कैमी चौराहे से गप्पीगंज होते हुए गोंडा उतरौला मार्ग (महादेवा) की तरफ जाना आसान हो जायेगा। कम समय में लोग इस रास्ते से अपने सफर को पूरा कर सकेंगे। इस सड़क से मोतीगंज, कैमी, गप्पीगंज, सोहेलवा, सिसवरिया, घरवासजोत, खिरई खिरवा, बघेलवा, बरुआ, एकमा, चौरी, मलारी समेत करीब पांच दर्जन से अधिक गांव की एक लाख से अधिक की आबादी का आवागमन सुलभ हो जायेगा। सड़क के चौड़ीकरण का कार्य एक वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। 

गौरा में 2 व मेहनौन में 5 ग्रामीण सड़कों की होगी मरम्मत
गौरा विधानसभा क्षेत्र के दो व मेहनौन की पांच सड़कों के मरम्मत के काम को भी स्वीकृति मिली है। इन सड़कों की मरम्मत पर 4.46 करोड़ रुपये खर्च होंगे। गौरा में जिन दो ‌सड़कों की मरम्मत करायी जानी है उनमें खोंडारे से कूकनगर संपर्क मार्ग व गौरा चौकी बभनजोत मार्ग से कुतुबजोत संपर्क मार्ग का नाम शामिल है। दिन दोनों सड़कों की मरम्मत पर 97.27 लाख रुपये खर्च किए जायेंगे। 

इसी तरह मेहनौन विधानसभा क्षेत्र की 5 सड़कों की मरम्मत की स्वीकृति मिली है। इसमें  गोंडा उतरौला मार्ग से रुद्रगढ़ नौसी मेई दूबे धुसवा संपर्क मार्ग - 74.37 लाख, खरगूपुर इकौना मार्ग से हुसैननगर होते हुए दुधरवा गांव तक- 51.10 लाख, गोंडा बलरामपुर मार्ग से कुतुबजोत संपर्क मार्ग- 56.56 लाख, बिशुनापुर बाजार से छिटनापुर मार्ग हरिचरनपुर रनियापुर होते हुए दुधरवा मगहा तक संपर्क मार्ग-73.66 लाख, खरगूपुर मार्ग से ककरहा गांव होते हुए हिंदू नगर बांकी तक - 57.67 लाख शामिल हैं।

ये भी पढ़ें -UP board exam: 22 फरवरी से शुरु होगी यूपी बोर्ड परीक्षा, सचिव बोले-गड़बड़ी पर होगा सख्त एक्शन

संबंधित समाचार