Kanpur Dehat: हाईवे किनारे खड़े ट्रक दे रहे हादसों को दावत: बाइक सवार दो युवकों की मौत; दो की हालत गंभीर...

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शादी समारोह से घर आते समय हुआ हादसा

कानपुर देहात, अमृत विचार। रनियां कस्बे के रानी लक्ष्मीबाई नगर मोहल्ला निवासी चार युवक चिरौरा गांव रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने के बाद एक बाइक में सवार होकर वापस घर आ रहे थे। तभी विसायकपुर के पास एक ढाबा के समाने हाईवे पर खड़े ट्रक में पीछे से भिड़कर घायल हो गए। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। जबकि दो युवकों की हालत गंभीर बनी हुई है।

रनियां कस्बे के लक्ष्मीबाई नगर मोहल्ला निवासी श्रीकांत के पुत्र आदित्य गौतम (17) अपने सगे भाई अमन गौतम (22), पड़ोस के अजय गौतम (21) व ज्ञानू गौतम (20) के साथ एक बाइक में सवार होकर क्षेत्र के चिरौरा गांव निवासी अपने रिश्तेदार लक्ष्मी नारायण की बेटी के शादी समारोह में शामिल होने गए थे। मंगलवार की मध्य रात्रि में वापस घर जाते समय विसायकपुर के पासएक ढाबा के सामने हाईवे पर खड़े ट्रक में पीछे से बाइक सवार चारों युवक भिड़कर गंभीर रूप से घायल हो गए। 

सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को जिला अस्पताल अकबरपुर भेजा, जहां ईएमओ डॉ. निशांत पाठक ने अजय कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि आदित्य की कानपुर ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। वहीं अमन को प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर हैलट रेफर कर दिया गया। ज्ञानू का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। 

जानकारी होने पर मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक अजय के दो भाई व तीन बहने हैं। सीओ तनु उपध्याय ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना की तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।

मृतक आदित्य की आज से थी इंटर की परीक्षा

सड़क हादसे में मृत आदित्य इंटरमीडिएट का छात्र था। उसकी गुरुवार से शुरू हो रही यूपी बोर्ड की परीक्षा थी। मृतक आदित्य का बड़ा भाई अमन भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हुआ है। जिसका इलाज कानपुर हैलट अस्पताल में चल रहा है। हादसे में पिता परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

एक ही बाइक में चार सवार बना हादसे का सबब

देर रात रनियां थाना क्षेत्र के विसायकपुर के पास हुई घटना में चारों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर घर वापस जा रहे थे। लोगों में चर्चा रही कि हादसे का कारण क्षमता से अधिक लोगों के बैठने भी था। अगर नियमानुसार बाइक में सवार होते तो शायद जान बच सकती थी।

हाईवे किनारे खड़े ट्रक देते हादसों को दावत

राष्ट्रीय राजमार्ग तीव्र गति से चलने योग्य बनाने का लाभ तो सभी को मिल रहा है, लेकिन जान का जोखिम भी बढ़ गया है। सड़क किनारे चालक अपने वाहन अक्सर रात में बेतरतीब ढंग से खड़ा कर देते हैं जो अक्सर दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं और आए दिन हादसे हो रहे हैं। जिसमें लोगों की जान भी जा रही है। हाईवे पर अवैध तरीके से वाहनों की पार्किंग का नजारा बारा टोल प्लाजा से लेकर औद्योगिक क्षेत्र रनियां व जनपद की सीमा रायपुर तक आए दिन देखी जा सकती है।

यह भी पढ़ें- Kanpur: हैलट में सर्वर हुआ ठप; एक हफ्ते से ऑनलाइन व्यवस्था फेल, इमरजेंसी में आने वाले गंभीर मरीजों को इलाज में हो रही देरी

 

संबंधित समाचार