हल्द्वानी: आयुष्मान पोर्टल में नए रजिस्ट्रेशन नहीं, लौटे मरीज
हल्द्वानी, अमृत विचार। केंद्र की महत्वाकांक्षी आयुष्मान योजना बुधवार को अचानक लड़खड़ा गई। पोर्टल में बदलाव के कारण अस्पतालों में नए मरीजों का रजिस्ट्रेशन नहीं हो पाया। जिससे कई मरीजों को मायूस होकर लौटना पड़ा।
आयुष्मान योजना का नया पोर्टल लॉन्च हो गया है। इस कारण बुधवार को बेस अस्पताल में पहुंचे नए मरीजों को खासी परेशानी उठानी पड़ी। यहां सबसे ज्यादा दिक्कत डायलिसिस के मरीजों को हुई। पुराने पोर्टल पर रजिस्टर्ड मरीजों की डायलिसिस हो गई, लेकिन जो मरीज पहली बार डायलिसिस कराने पहुंचे थे उनका आयुष्मान पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन नहीं हो पाया। करीब 10 से 12 मरीज पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन होने के इंतजार में सुबह से बैठे रहे।
बाद में डायलिसिस कर्मचारियों ने मामले की जानकारी बेस अस्पताल के प्रभारी पीएमएस डॉ. केके पांडे को दी। जिस पर डॉ. पांडे ने राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण से फोन पर बात कर मरीजों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कराई। सुशीला तिवारी अस्पताल में भी नए मरीजों के आयुष्मान कार्ड नहीं लग पाये। जिससे कई मरीजों को मायूस होकर लौटना पड़ा। बताया जाता है कि दोपहर बाद पोर्टल ने काम करना शुरू कर दिया था।
