श्रावस्ती: कन्या सुमंगला योजना लाभार्थियों के लिए खुशखबरी, 10 हजार रुपये बढ़ाई गई धनराशि
श्रावस्ती, अमृत विचार। महिला सशक्तिकरण के लिए प्रदेश सरकार की ओर से मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना चलाई जा रही है। योजना के तहत लाभार्थियों को 15 हजार छह श्रेणियों में दिए जा रहे है। अब योगी सरकार ने बजट 2024-25 से 'मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना' के तहत धनराशि को बढ़ाकर 25000 रुपए कर दिया है।
जिला प्रोबेशन अधिकारी सुबोध कुमार सिंह ने बताया कि योजना में बढ़ी हुई धनराशि सभी 6 श्रेणियों में प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि कन्या भ्रूण हत्या को समाप्त करने, समान लैंगिक अनुपात स्थापित करने, बाल विवाह की कुप्रथा को रोकने, बालिकाओं के स्वास्थ्य व शिक्षा को प्रोत्साहन देने, बालिकाओं का स्वावलम्बी बनाने में सहायता प्रदान करने तथा बालिका के जन्म के प्रति समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने के लिए महिला कल्याण विभाग द्वारा प्रदेश में अप्रैल, 2019 से 'मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना' संचालित है।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत अभी तक पात्र बालिकाओं को 6 चरणों में 15000 की धनराशि प्रदान की जाती रही है। 'मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना' की 6 श्रेणियों में प्राप्त होने वाली कुल धनराशि को 15000 से बढ़ाकर 25000 रुपए की गई है। पात्र लाभार्थियों को योजनान्तर्गत 6 विभिन्न श्रेणियों में देय धनराशि में वृद्धि की गई है।
इस तरह मिलेगा लाभ
प्रथम श्रेणी में बालिका के जन्म पर 5000 रुपये। द्वितीय श्रेणी में एक वर्ष तक का टीकाकरण पूर्ण होने पर 2000 रुपये मिलेंगे। तृतीय श्रेणी में कक्षा 1 में प्रवेश लेने पर 3000 रुपये मिलेंगे। इसी तरह से चतुर्थ श्रेणी में कक्षा 6 में प्रवेश पर 3000 रुपये व पंचम श्रेणी में कक्षा 9 में प्रवेश पर 5000 रुपये मिलेंगे। छठें श्रेणी में कक्षा 10/12 उत्तीर्ण होने पर 2 वर्षीय या उससे अधिक अवधि का डिप्लोमा या स्नातक में प्रवेश पर 7000 रुपये मिलेंगे।
ये भी पढ़ें -रामलला का दर्शन करने अयोध्या पहुंचे कर्नाटक के पूर्व डिप्टी सीएम, कहा-नया मंदिर बनने से हूं बेहद खुश
