गोंडा: शादी के एक महीने बाद ही विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाला
पीड़िता की शिकायत पर पति समेत पांच पर दहेज उत्पीड़न की एफआईआर
गोंडा। जिले के छपिया थाना क्षेत्र की रहने वाली एक विवाहिता की तहरीर पर पुलिस ने उसके पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न तथा मारपीट का मुकदमा दर्ज किया है। पीड़िता के मुताबिक उसकी शादी अमित गुप्ता पुत्र शिवशरण गुप्ता निवासी गोबिंदबाग निकट गुदमडी थाना बलरामपुर के साथ 17 फरवरी 23 को हुई थी।
शादी के बाद से ही ससुरालीजन दहेज की मांग कर प्रताड़ित करते व मारते पीटते थे। शादी के एक महीने बाद ही उसे ससुराल वालों ने दहेज की मांग को लेकर मारा पीटा और घर से निकाल दिया। वह किसी तरह से मायके पहुंची और मां बाप को घटना की जानकारी दी।
परिवार के लोगों ने ससुराल पक्ष के लोगों को समझाने बुझाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं माने। उन्होने विवाहिता को विदा कराने से इंकार कर दिया। इसके बाद पीडिता ने ससुरालीजनों के खिलाफ थाने में तहरीर दी। एसओ सतेंद्र वर्मा ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।
यह भी पढ़ें:-बहराइच: किशोरी को बेचने के लिए ले जा रहे थे शिमला, एसएसबी ने पकड़ा
