अंबेडकरनगर: तीन करोड़ 23 लाख से होगा शिव बाबा धाम का जिर्णोद्धार, पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी के साथ शिव बाबा धाम का किया निरीक्षण
पर्यटन विभाग से 123.87 लाख रुपए और वंदन योजना के तहत 2 करोड़ रुपए हुए स्वीकृत
अंबेडकरनगर। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने विकासखंड अकबरपुर के अंतर्गत शिव बाबा धाम के पर्यटन विकास कार्य को लेकर निरीक्षण किया। शिव बाबा धार्मिक स्थल को पर्यटन विभाग द्वारा 123.87 लाख रुपए और वंदन योजना के तहत 200 लाख रुपए स्वीकृत हुए है।
जिलाधिकारी ने शिव बाबा धाम में निमार्ण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण करने के लिए संबंधित को निर्देश दिए। वंदन योजना के तहत जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी अकबरपुर बीना सिंह से कराए जाने वाले कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इसके उपरांत पर्यटन विभाग द्वारा जारी धन के संबंध में संबंधित कार्यादारी संस्था से कराए जाने वाले कार्यों की जानकारी हासिल किया।
बता दें कि प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनपद के विकासखंड अकबरपुर में शिव बाबा के पर्यटन विकास कार्य के लिए उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कारपोरेशन लिमिटेड द्वारा 124.86 लाख का आगणन वित्तीय वर्ष 2023-24 में भेजा गया था। इस संबंध में कार्यदायी संस्था नामित करते हुए अप्रेजल समिति द्वारा 123.87 लाख रुपए की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
वहीं प्रथम किस्त के रूप में 50 लाख रुपए अवमुक्त किया गया है। पर्यटन विभाग ने शिवबाबा के विकास के लिए अलग से 123.87 लाख रुपये स्वीकृत किया है। डीएम अविनाश सिंह ने बताया कि शासन ने शिवबाबा धाम के विकास के लिए वंदन योजना के तहत दो करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। इस रकम से शिवबाबा में अकबरपुर अयोध्या मुख्य मार्ग से परिसर में मुख्य मंदिर तक 20 मीटर चौड़ी सडक़ बनेगी। परिसर के अंदर पश्चिम गेट तक तथा मुख्य मंदिर से सीहमई कारीरात जाने वाले मार्ग तक आरसीसी सडक़ का निर्माण होगा।
परिसर में 88 नए बिजली पोल तथा लाइट लगाने के साथ ही दो हाईमास्ट लगाई जाएंगी। एक विश्रामलय का निर्माण भी इसमें होगा। वहीं पर्यटन विभाग ने लगभग सवा एक करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। इसमें 50 लाख की पहली किस्त मंजूर कर दी गई है। इससे यहां वृहद पौधरोपण, सोलर लाइट, परिसर के अंदर इंटरलाकिंग सडक़, एक बहुउद्देशीय हॉल, शौचालय ब्लॉक, रसोई घर और स्टोर रूम आदि का निर्माण होगा।
पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
जिलाधिकारी अविनाश सिंह के प्रयास से जनपद में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अनेक परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। जनपद विश्व प्रसिद्ध अयोध्या का अभिन्न अंग होने के कारण यहां पर पर्यटन की असीम संभावना बन रही है। जिलाधिकारी ने श्रवण धाम क्षेत्र, दरवन झील, पुंथर झील सहित अनेक जल संचय स्रोतों और पौराणिक स्थलों का चिन्हांकन कर लगातार शासन को पत्र प्रेषित किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री द्वारा भी जनपद के विकास के लिए प्रस्तावित कार्यों की स्वीकृति भी लगातार दी जा रही है। पर्यटन को बढ़ावा देने से जहां एक तरफ देश-विदेश के पर्यटक जनपद में आएंगे वहीं दूसरी तरफ इससे जनपद वासियों को भी रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।
स्थानीय वस्तुओं की खरीद पर खर्च करें 10 प्रतिशत
प्रधानमंत्री द्वारा अपने उद्बोधन में अपील की गई है कि पर्यटक जहां भी जाए वहां उस यात्रा के अपने पूरे खर्च का काम से कम 10 प्रतिशत वहां स्थानीय वस्तुओं के खरीद में खर्च करें। जिससे स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। इससे जनपद सहित प्रदेश के 1 ट्रिलियन डॉलर इकोनामी व देश के 5 ट्रिलियन डॉलर इकोनामी को प्राप्त करने में सफलता मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी अनुपम सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद अकबरपुर बीना सिंह और कार्यदाई संस्था के अधिकारी, कर्मचारी मौके पर उपस्थित रहे।

