गोंडा: हाईस्कूल की परीक्षा में पकड़ा गया मुन्नाभाई, दूसरे छात्र के स्थान पर दे रहा था परीक्षा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चेहरा भिन्न मिलने पर कक्ष निरीक्षक को हुई शंका, रिपोर्ट दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस

मसकनवा/गोंडा, अमृत विचार। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल की हिंदी विषय की परीक्षा देने के दौरान जांच टीम ने एक मुन्ना भाई को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी दूसरे छात्र के स्थान पर परीक्षा देने पहुंचा था। छपिया पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी व विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल कर शुरू कर दी है।

छपिया थाना क्षेत्र के नरैचा स्थित सतेंद्रनाथ सुनील कुमार मेमोरियल इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। बृहस्पतिवार को हाईस्कूल का हिंदी का पेपर था। इस केंद्र पर प्रिंस कुमार गौतम पुत्र रामनिवास बौद्ध को परीक्षा देनी थी लेकिन उसके स्थान पर मोतीलाल पुत्र राम अक्षयवर परीक्षा देने पहुंच गया। 

परीक्षा के दौरान जब कक्ष निरीक्षक ने प्रवेश पत्र में लगे छात्र के फोटो से आरोपी के चेहरे का मिलान किया तो उसे शंका हुई। इस पर तत्काल केंद्र व्यवस्थापक को सूचना दी गयी। पूछताछ के दौरान परीक्षा दे रहे मुन्ना भाई ने अपना नाम मोतीलाल पुत्र रामअक्षयवर ग्राम नरायनपुर थाना छपिया बताया। साथ ही यह स्वीकार किया कि वह प्रिंस कुमार गौतम के स्थान पर परीक्षा देने आया था‌। 

विद्यालय प्रशासन ने परीक्षा के बाद आरोपी मुन्ना भाई को पुलिस को हवाले कर दिया। मामले में केंद्र व्यवस्थापक पवन कुमार शर्मा की तरफ से आरोपी के खिलाफ छपिया थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। छपिया थाना प्रभारी सत्येंद्र वर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

यह भी पढ़ें:-गोंडा: अधिवक्ताओं के विरोध पर हटाए गए मनकापुर के एसडीएम व तहसीलदार, जानें पूरा मामला

 

संबंधित समाचार