Kanpur: ग्रीनपार्क चौराहे पर परमट जाने के लिए बनेगा भव्य द्वार...अब जुलाई तक ग्रहकर में मिलेगी 10 प्रतिशत छूट
कानपुर नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में संपन्न
कानपुर, अमृत विचार। नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में शनिवार को आगामी वित्तीय वर्ष 2024-25 का 1866.10 करोड़ का बजट स्वीकृत किया गया। वहीं, विकास कार्यों का बजट करीब 308 करोड़ रुपये बढ़ाया गया। जलकल विभाग का 341 करोड़ का बजट भी स्वीकृत कर दिया गया। बैठक में गृहकर में आम जनता को जुलाई-24 तक 10 फीसदी छूट देने के साथ ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के एक घर को गृहकर से राहत देने संबंधी प्रस्ताव को भी कार्यकरिणी ने हरी झंडी दे दी।
नगर निगम मुख्यालय स्थित समिति कक्ष में सुबह 11.30 बजे आयोजित बैठक में कार्यकारिणी के सभी सदस्य व नगर निगम अधिकारी पहुंचे। नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन ने बताया कि जुलाई 2024 तक गृहकर एकमुश्त जमा करने पर आम शहरी को 10 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। उन्होंने बताश्या कि ग्रीनपार्क चौराहा से परमट मंदिर मार्ग पर भव्य गेट का निर्माण किया जायेगा।
इस पर कमेटी ने फैसला करने के साथ ही नगर निगम ने सहमति दे दी है। भक्त अपने खर्च पर गेट का निर्माण कराएंगे। वहीं, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों के एक मकान का गृहकर माफ किया जाएगा। महापौर ने अपील करते हुए कहा कि अब नगर निगम मुख्यालय में बने जनसुविधा केंद्र में लोग ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं। उसके बाद भी सुनवाई न होने पर अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सड़क पर 38 करोड़ ज्यादा होंगे खर्च
नगर आयुक्त ने बताया कि इस बार आगामी बजट में सड़क निर्माण के लिए 38 करोड़ रुपये की वृद्धि की गई है। पिछले वत्तीय 2023-24 में 75 करोड़ पर खर्च हुये थे। अब आगामी बजट में एक अरब 13 करोड़ सड़क अनुरक्षण में खर्च होंगे। इसके अलावा नाला-नाली निर्माण के लिए 10.50 करोड़ रुपये, पार्कों के रख-रखाव के लिए 11 करोड़, उद्यानों के लिए 3 करोड़ रुपये, सार्वजनिक शौचालय में 2.10 करोड़, गौशाला पर 1.50 करोड़, मार्ग प्रकाश पर 1 करोड़ का बजट ज्यादा रखा गया है।
नशे की हालत में पहुंचे पार्षद को महापौर की चेतावनी
शनिवार को वार्ड-81 दर्शनपुरवा से तीसरी बार के भाजपा पार्षद आशुमेंद्र प्रताप सिंह नशे की हालत में कार्यकारिणी बैठक में पहुंच गया। नशे की हालत में देखकर अधिकारियों के भी होश उड़ गए। बैठक में महापौर और नगर आयुक्त की आपत्ति के बाद पहले पार्षद को अलग बैठाया गया। फिर महापौर ने पार्षद को बैठक से बाहर का रास्ता दिखा दिया। पार्षद नशे की हालत में चल भी नहीं पा रहा था। बैठक से बाहर निकाले जाने के बाद पार्षद महिला पार्षद कक्ष में घुस गया। यहां महिला पार्षदों के लिए बने बाथरूम में पार्षद घुस गया और बिना दरवाजा बंद किए पेशाब करने लगा। इस हरकत को देखकर महिला स्टाफ बाहर बाहर निकल गया। इसके बाद पार्षद नशे की हालत में नगर निगम से बाहर चला गया।
महापौर ने कहा कार्रवाई होगी
कार्यकारिणी के बाद महापौर प्रमिला पांडेय ने कहा कि पार्षद के परिवार को बुलाकर बातचीत करेंगे। ये हरकत पूरी तरह अशोभनीय है। महापौर ने बताया कि उनको चेतावनी जारी की जाएगी। दोबारा इस तरह की हरकत पर उन्हें सदन से भी निष्कासित करने की कार्रवाई की जाएगी।
यह लोग कार्यकारिणी में पहुंचे
उप सभापति संतोष साहू, निर्देश सिंह चौहान, आशुमेंद्र प्रताप सिंह, विकास जायसवाल, देवेंद्र द्विवेदी, दीपक शर्मा, आरती गौतम, पवन गुप्ता, योगेंद्र शर्मा, अभिषेक गुप्ता मोनू, लियाकत अली, अंजुलि आदर्श दीक्षित आदि मौजूद रहे।
