UP: सपा बनाएगी बेरोजगारी व महंगाई को चुनावी मुद्दा; पार्टी जिलाध्यक्ष बोले- 'दाल-आटा महंगा... मिलावट से बढ़ी मरीजों की भीड़'
कानपुर, अमृत विचार। नवीन मार्केट स्थित सपा कार्यालय में शनिवार को जिलाध्यक्ष फजल महमूद, प्रदेश सचिव केके शुक्ला व वरिष्ठ उपाध्यक्ष शैलेंद्र यादव ने पूर्व छात्र नेताओं, महिला सभा के सदस्यों, मतदान केंद्र प्रभारी व युवाओं के साथ बैठक की। तय हुआ कि सपा बेरोजगारी और महंगाई को चुनावी मुद्दा बनाकर वोट हथियाने का पूरा प्रयास करेगी।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी ने युवा व पूर्व छात्र नेताओं की पांच सदस्यीय टीम गठित की है, जो सभी मतदान केंद्रों में जाएंगे और मतदाताओं को बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी से अवगत कराने का काम करेंगे। इन वजहों से युवाओं में "कुंठा" व "आत्महत्या के कारण" पर भी सपाई गंभीर चिंता व्यक्त करेंगे।
टीम में शामिल कार्यकर्ता लोकसभा चुनाव में बेरोजगारी व महंगाई प्रमुख मुद्दे बनाकर मतदाताओं से संपर्क करेंगे और बढ़ती भयावह स्थिति से अवगत करा कर परिवर्तन का संदेश देंगे। कहा कि केंद्र सरकार कॉरपोरेट टैक्स में छूट दे कर महंगाई से जनता की कमर तोड़ रही है। महंगाई की वजह से गरीब की थाली से अरहर की दाल छीन गई है, आटा महंगा व मिलावट से बीमारियों से अस्पतालों में तांता लग रहा है।
इस पर सपा मतदान केंद्रों पर अपने भावी युवा मतदाताओं के साथ मिलकर जनजागरण अभियान करेगी। इस दौरान प्रदेश सचिव केके शुक्ला, वरिष्ठ उपाध्यक्ष शैलेंद्र यादव, महासचिव संजय सिंह बंटी सेंगर, नंदलाल जयसवाल, परमवीर गंभीर, महेंद्र सिंह, अयूब आलम, सत्यनारायन गहरवार, संजय निषाद, सुलेखा यादव, दीपिका मिश्रा, अनीता वर्मा, दीपा यादव, वंदना दिवाकर, रत्ना सिंह, मुमताज मसूरी, राहुल यादव, अनिल चौबे समेत आदि सपाई रहे।
