Kanpur: जूही खलवा पुल पर बारिश का पानी लाएगा आफत? जलनिगम ने नये पंप हाउस के लिए खड़े किए हाथ, बताई ये वजह
कानपुर, अमृत विचार। जूही खलवा पुल पर पानी निकालने के लिये नये स्ट्रार्म वाटर पंप हाउस के निर्माण को ग्रहण लग गया है। योजना में पैसे निर्गत न करने पर जलनिगम ने हाथ खड़े कर दिये हैं। जलनिगम ने पत्र लिखकर कहा है कि धन आवंटन की असमर्थता के चलते डीपीआर पर खर्च करना ठीक नहीं होगा। इसलिये नगर निगम की ओर से डीपीआर बनाये जाने के लिये आवंटित धन 25 लाख नगर निगम को वापस करना ही उचित होगा।
जूही खलवा पुल पर हर साल बरसात में पानी भर जाता है। मौजूदा संपवेल सुचारू न होने से रास्ता बंद हो जाता है। इसके चलते लोगों को समस्या होती है। पिछली बरसात में भरे पानी में डूबकर एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। जिसके बाद नगर निगम ने विशेष सफाई अभियान चलाकर यहां की नालियों और चैंबर की 20 मीटर तक सफाई कराई। इसके साथ ही पुराने संपवेल को भी सही किया था।
इसी समस्या को देखते हुये नये स्ट्रार्म वाटर पंप हाउस के निर्माण की योजना बनाई गई थी। जलनिगम के परियोजना प्रबंधक जीके चौधरी ने अधीक्षण अभियंता को बताया है कि योजना के सर्वेक्षण औश्र डरपीआर कार्य की प्रगति के संबंध में महापौर के प्रतिनिधि और महापौर ने धन आवंटन पर असमर्थता जाहिर की है। इसलिये डीपीआर पर व्यय किया जाना उचित नहीं होगा। उन्होंने नगर निगम की ओर से डीपीआर के लिये आवंटित धन को भी नगर निगम को वापस करने को कहा है।
