बरेली: हवलदार कमल की अभद्र टिप्पणी करने पर की थी हत्या, आरोपी को भेजा जेल
बरेली, अमृत विचार: छावनी क्षेत्र में हवलदार कमल जोइशी की हत्या करने वाले आरोपी साथी हवलदार रत्ना राजेश डी को कैंट पुलिस ने शनिवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि कमल उसे देखकर अभद्र टिप्पणी करता था। शुक्रवार को भी ऐसा ही किया, जिससे आहत होकर उसने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
शुक्रवार शाम करीब 7.30 बजे असम नार्थ कछार हिल्स नातुन बस्ती होकई पुऔंची निवासी कमल जोइशी (40) की साथी हवलदार रत्ना राजेश डी ने इन्सास राइफल से गोली मारकर हत्या कर दी थी। आरोपी गांव पशुमर्तीवारी पालम थाना निजाम पटनम जिला बापटला आंध्र प्रदेश का रहने वाला है। आरोपी गारद कमांडर ने संतरी ब्रजलाल की इन्सास राइफल लेकर गोली मारी थी।
सीसीटीवी फुटेज में आरोपी गोली मारते हुए कैद हो गया है। इस प्रकरण में बरेली के शीशगढ़ थाना क्षेत्र के गांव बंजरिया निवासी संतरी ब्रजलाल की शिकायत पर कैंट पुलिस ने आरोपी गारद कमांडर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इंस्पेक्टर कैंट विश्वजीत प्रताप सिंह ने बताया कि पूछताछ के बाद आरोपी को जेल भेज दिया है।
दोनों देहरादून में साथ करते थे काम
पुलिस के अनुसार आरोपी गारद कमांडर और मृतक हवलदार गरुड़ डिवीजन की 606 ईएमई बटालियन 314 फील्ड वर्कशॉप देहरादून में कार्य करते थे। सितंबर 2021 में कमल जोइशी और रत्ना राजेश डी चीन बार्डर के लोपा में तैनात थे। वहीं पर दोनों के बीच किसी बात को लेकर हंसी मजाक शुरू हुई।
तब से कमल लगातार चिढ़ाता था और व्यक्तिगत टिप्पणी करता था। इस पर रत्ना राजेश डी, कमल से रंजिश मानने लगा। शुक्रवार को गरुड़ डिवीजन के मेहता द्वार के अंदर कमल ने हंसी मजाक करते हुए टिप्पणी की कर दी, जिससे आहत होकर रत्ना राजेश ने संतरी की इन्सास राइफल लेकर कमल को गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
आरोपी ने दी आत्महत्या की सूचना
हवलदार कमल जोइशी को गोली मारने के बाद रत्ना राजेश ने कमांडिंग अधिकारी को बताया कि कमल ने संतरी की राइफल देखने के बहाने ले ली और स्वयं को गोली मार ली। इसके बाद कमांडिंग अधिकारी ने यूपी 112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पहले आत्महत्या ही माना, लेकिन जब एसपी सिटी राहुल भाटी ने सीसीटीवी देखे तो आरोपी गोली मारते हुए कैद हो गया। सीसीटीवी में दिख रहा है आरोपी गोली मारने के बाद राइफल हवलदार कमल जोइशी के पास रख देता है और पास में ही खड़ा हो जाता है।
डॉक्टरों के पैनल ने किया पोस्टमार्टम
कमल जोइशी का पोस्टमार्टम दो डॉक्टरों के पैनल से कराया गया। पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे परिजनों को सेना के अधिकारी अपने साथ लेकर आए और साथ ही लेकर चले गए। परिजनों से किसी को बात नहीं करने दी। कमल का शव यहां से दिल्ली ट्रक से जाएगा। वहां से हवाई जहाज से असम भेजा जाएगा।
यह भी पढ़ें- कुतुबखाना पुल: 600 टन वजन के साथ शुरू की लोड टेस्टिंग, पांच दिन तक परीक्षण...फिर शुरू होगी आवाजाही
