बरेली: प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह से उद्यमियों ने की मांग, बोले- कोरोना काल में लगाए सभी टैक्स हो माफ
फोटो- उद्यमियों के सवालों का जवाब देते प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह।
बरेली, अमृत विचार: प्रदेश सरकार की वर्ष 2016 में घोषित पर्यटन नीति का उद्यमियों को किसी तरह का लाभ नहीं मिल रहा है। कोरोना काल में लगाए गए सभी टैक्स माफ किए जाएं। इसके अलावा कई समस्याएं उद्यमियों ने शनिवार को स्टेशन रोड स्थित एक होटल में सेंट्रल यूपी चैंबर ऑफ कॉमर्स की जनरल बॉडी बैठक में मुख्य अतिथि जिला प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह के समक्ष रखीं।
बैठक में प्रभारी मंत्री ने कहा कि सराय एक्ट में पंजीकृत प्रदेश की तमाम पर्यटन इकाइयों को पर्यटन विभाग में पंजीकृत होने के बाद ही लाभ मिलेगा। बीडीए और अन्य विभाग की समस्याओं के निस्तारण के लिए मेयर को मंडलायुक्त और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कराने का जिम्मा दिया।
बैठक में चैंबर ऑफ कॉमर्स अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने उद्यमियों की समस्याओं को लेकर प्रभारी मंत्री को ज्ञापन सौंपा। इन्वेस्टर समिट में आए प्रस्तावों को लेकर कहा कि बीडीए के लागू डेवलपमेंट चार्ज और नक्शा पास कराने के भारी भरकम खर्च से उद्योग स्थापित नहीं हो पा रहे हैं, जबकि शासनादेश में स्पष्ट है कि उद्योग स्थापना के दौरान बीडीए डेवलपमेंट चार्ज नहीं लगेगा।
उन्होंने कोरोना काल में शासनादेश के आधार पर होटल उद्योग को पूर्णतया बंद रखने की बात कही पर होटलों पर लगने वाले कामर्शियल टैक्स बिजली बिल, लोन ब्याज, नगर निगम भवन, जल, सीवर एवं कूड़ा निस्तारण टैक्स वसूलना असंवैधानिक बताते हुए सभी टैक्स, ब्याज आदि माफ करने की मांग की।
संयुक्त आयुक्त उद्योग सर्वेश्वर शुक्ला ने उद्योगों को पूरा सहयोग और अच्छा माहौल देने की बात कहते हुए अधिक से अधिक उद्योग स्थापना करने की बात कही। बिथरी विधायक डाॅ. राघवेंद्र शर्मा, आंवला भाजपा जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी बृजपाल सिंह, संस्था के सचिव सीए राजेन विद्यार्थी, डॉ. प्रमेंद्र माहेश्वरी, उनमुक्त संभवशील, सतीश अग्रवाल, निखिल थापर, केबी अग्रवाल, मोहन गुप्ता, मनवीर सेठी, संजय अग्रवाल, आनंद राय, आरके अग्रवाल, सतवंत सिंह चड्डा, अक्षय आनंद, दिनेश शर्मा आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- बरेली: ई-रिक्शा और टेंपो चालकों की मनमानी बरकरार, सेटेलाइट तिराहे पर लगा जाम
