बहराइच: महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, चार पर केस दर्ज
बहराइच, अमृत विचार। रामगांव थाना क्षेत्र निवासी महिला की देर रात को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मायके पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत चार लोगों के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या और दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जनपद के नवाबगंज निवासी मैसर जहां का विवाह राम गांव थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुर गोडवा निवासी सहजाद के साथ हुआ था। शनिवार रात को महिला का शव घर में फंदे से लटकता मिला। परिवार के लोगों ने पुलिस के साथ मायके में जानकारी दी। प्रभारी निरीक्षक शशि कुमार राणा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक महिला के पिता की तहरीर पर पति समेत चार लोगों के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या, मारपीट करने और दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
