Auraiya: अभी हाथों की मेहंदी भी नहीं छूटी थी...शादी के 11 दिन बाद ही आई मनहूस खबर, जानें- पूरा मामला
औरैया में गैस गीजर से नवविवाहिता की मौत
औरैया, अमृत विचार। दिबियापुर थानाक्षेत्र के कंचौसी गांव में गैस गीजर के कारण एक नवविवाहिता की जान चली गई। बाथरूम में लगे गैस गीजर से गैस बनने के कारण नवविवाहिता बेहोश हो गई।
जिसके बाद परिजनों ने दरवाजा तोड़कर नवविवाहिता को बाहर निकाला। आनन-फानन में सौ शैय्या अस्पताल लेकर आए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। नवविवाहिता की मौत से पति समेत पूरे परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
मृतका की शादी बीते 14 फरवरी को हुई थी। कंचौसी गांव निवासी चित्रा पत्नी अश्वनी गुप्ता रविवार को बाथरूम में नहाने के लिए गईं थीं। काफी देर तक वह बाथरूम से बाहर नहीं आईं तो परिजनों को चिंता हुई। काफी आवाज देने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिलने पर परिजनों ने दरवाजा तोड़ दिया। बाथरूम के अंदर चित्रा बेहोशी की हालत में जमीन पर पड़ी थी। परिजनों ने जिला अस्पताल लेकर आए। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतका का मायका कानपुर में है। चित्रा का विवाह बीते 14 फरवरी को हिंदू रीति रिवाज से कंचौसी गांव थाना दिबियापुर निवासी अश्वनी गुप्ता के साथ हुआ था। अश्वनी अपने दूसरे मकान में गया था। अश्वनी गुप्ता मिठाई की दुकान चलाते है।
वहीं ग्रामीण आपस मे बातचीत करते हुए कह रहे थे कि अभी नवविवाहिता के हाथ की मेंहदी भी नहीं छूटी थी, बहुत बुरा हुआ। इस संबध में चौकी प्रभारी ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि बाथरूम में गैस गीजर लगा था। जिससे बाथरूम में गैस बन जाने के कारण युवती की मौत हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
ये भी पढ़ें- Kanpur: पुलिस-प्रशासन मुर्दाबाद...अधिवक्ताओं ने गोविंद नगर थाने का किया घेराव, थानेदार लाइनहाजिर, देखें- VIDEO
