खाकी का इकबाल खत्म: अकबरपुर कोतवाली में लेखपाल के सहयोगियों ने एंटी करप्शन सिपाही से की मारपीट...थानेदारों से धक्का-मुक्की

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर देहात के अकबरपुर कोतवाली में एंटी करप्शन सिपाही से मारपीट

कानपुर देहात, अमृत विचार। खेत का कुराबंदी व बंटवारे करने के एवज में 18 हजार रुपये रिश्वत लेने के मामले में दबोचे गए आरोपी लेखपाल के परिजनों व सहयोगियों ने शनिवार देर शाम अकबरपुर कोतवाली में जमकर हंगामा करते हुए एंटी करप्शन टीम के साथ मारपीट व धक्का-मुक्की कर आरोपी को छुड़ाने का प्रयास किया गया।

जिससे अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने किसी तरह उन्हें खदेड़ा। रात करीब ढाई बजे एंटी करप्शन इंस्पेक्टर की तहरीर पर आरोपी लेखपाल व उसके भाई के खिलाफ सरकारी काम में बाधा, गिरफ्तारी का विरोध, लोक सेवकों से मारपीट आदि धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।

सिकंदरा तहसील क्षेत्र के दमनपुर गांव निवासी किसान मन्ना सिंह ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की कानपुर टीम से शिकायत दर्ज कराई थी कि जमीन बंटवारे का सिकंदरा तहसील में वाद दाखिल किया था। खेत का कुराबंदी व बंटवारे करने के एवज में लेखपाल संजीव कुमार बीस हजार रुपये रिश्वत की मांग रहा था। 

जिसे पकड़ने के लिए शनिवार को एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया था। लेखपाल रमऊ गांव से अपनी निजी कार से लौट रहा था। तभी राजपुर थाना से कुछ कदम दूरी पर सिलहरा मार्ग पर एंटी करप्शन टीम ने लेखपाल संजीव कुमार को कार में पीड़ित से 18 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया था। 

लोगों की भीड़ जुटती देखकर एंटी करप्शन टीम आरोपी को अकबरपुर कोतवाली ले आई थी। देर शाम आरोपी लेखपाल की पत्नी रानू सचान व उसके जेठ राजीव सचान को गिरफ्तारी प्रपत्र पर हस्ताक्षर के लिए थाना प्रभारी कार्यालय में बुलाया गया। तब पत्नी, भाई व सहयोगियों को देखकर आरोपी लेखपाल ने पुलिस कर्मियों से गालीगलौज व जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट पर आमदा हो गया। 

तभी राजीव सचान ने भी आरोपी लेखपाल भाई को छुड़ाने का प्रयास किया। लेकिन एंटी करप्शन टीम ने बल प्रयोग करते हुए आरोपी को काबू कर लिया। इस दौरान आरोपी लेखपाल संजीव कुमार ने एंटी करप्शन टीम के कांस्टेबल सुरजीत के साथ मारपीट की।

जबकि आरोपी के भाई राजीव सचान ने एंटी करप्शन इंस्पेक्टर सुशील पाराशर व इंस्पेक्टर चतुर सिंह के साथ धक्का-मुक्की की। जिसपर उसे भी अकबरपुर थाना प्रभारी कार्यालय कक्ष से हिरासत में ले लिया गया। 

एंटी करप्शन टीम के इंस्पेक्टर सुशील पाराशर की तहरीर पर आरोपी लेखपाल संजीव कुमार के खिलाफ अकबरपुर कोतवाली में सरकारी काम में बाधा, पुलिस कर्मियों से मारपीट, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। जबकि उसके भाई राजीव सचान के खिलाफ लोक सेवकों से गालीगलौज व जान से मारने की धमकी देते हुए सरकारी काम में बाधा, भाई की गिरफ्तारी का विरोध, मारपीट आदि धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। 

ये भी पढ़ें- Kanpur: पुलिस-प्रशासन मुर्दाबाद...अधिवक्ताओं ने गोविंद नगर थाने का किया घेराव, थानेदार लाइनहाजिर, देखें- VIDEO

संबंधित समाचार