गोंडा: प्रेमजाल में फंसाकर महिला की हत्या करने वाले चचेरे भाइयों को कोर्ट ने सुनाई आजीवन कारावास की सजा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी जिले की रहने वाली थी मृतका, दो साल पहले हुई थी हत्या

गोंडा। दो साल पहले एक महिला की हत्या कर उसका शव छिपाने वाले दो आरोपियों को अदालत ने दोषी ठहराते हुये आजीवन कारावास की सजा सुनाई है‌। कोर्ट ने दोनों पर 43-43 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है‌‌। 

13 फरवरी वर्ष 2021 को करनैलगंज के कटरा घाट के समीप झाड़ियों में एक अज्ञात महिला का शव मिला था। पुलिस ने इस मामले में बाराबंकी जिले के अजीमनगर जहांगीराबाद के रहने वाले इस्माइल पुत्र इनायत अली तथा उसके चचेरे भाई इरफान पुत्र इशहाक निवासी गौरी बनयानी थाना फतेहपुर जनपद बाराबंकी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया था। 

पुलिस ने विवेचना के बाद दोनों के खिलाफ हत्या व शव छिपाने की चार्जशीट दाखिल की थी। शासकीय अधिवक्ता ओम प्रकाश शुक्ला, मॉनिटरिंग सेल व थाना करनैलगंज के पैरोकार की तरफ से मामले की पैरवी की जा रही थी। इस पैरवी के फलस्वरूप अपर सत्र न्यायाधीश की कोर्ट ने इस्माइल व इरफान को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है‌। अदालत ने दोनो पर 43-43 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है‌ । 

प्रेम संबंधों के चलते हुई थी महिला की हत्या

अमृत विचार: बाराबंकी जिले की कटरा थाना बड्डूपुर की रहने वाली फरीदुलनिशा की हत्या प्रेम संबंधों को चलते हुई थी। उसके प्रेमी इस्माइल ने अपने चचेरे भाई इरफान के साथ मिलकर पहले उसे जहर खिलाया था और फिर चाकुओं से गोदकर उसकी हत्या कर दी थी‌। दोनों आरोपी फरीदुलनिशा की शव करनैलगंज के कटरा घाट के समीप झाड़ियों में फेंक कर फरार हो गए थे। 

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया तो जहर खाने से उसके मौत की पुष्टि हुई थी। महिला के शरीर पर शार्प इंजरी के निशान भी मिले थे। पुलिस ने मामले की गहराई से छानबीन की तो पता चला कि महिला अंतिम बार फतेहपुर गांव के इस्माइल नाम के व्यक्ति के साथ देखी गई थी। 

पुलिस ने इस्माइल की फोन कॉल्स की डिटेल चेक की तो पूरे मामले का राजफाश हुआ था‌। पुलिस पूछताछ में आरोपी इस्माइल ने बताया थी कि मृतका का पति फारुख सउदी अरब में रहता था‌। इसी दौरान वह महिला के संपर्क में आया। वह इस्माइल पर शादी करने का दबाव बना रही थी लेकिन शादीशुदा होने के कारण इस्माइल तैयार नहीं था। 12 फरवरी को इस्माइल ने महिला को शादी करने के बहाने बुलाया। 

महिला ने अपने बैंक से 65 हजार रुपये निकाले और इस्माइल के साथ चली गई। साथ में इस्माइल का चचेरा भाई इरफान भी था। रास्ते में दोनों ने महिला को खाने में जहर खिला दिया। जब उसकी मौत हो गई तो उसे कटरा घाट के समीप झाड़ियों में फेंककर दोनों फरार हो गए। महिला की मौत की पुष्टि के लिए हत्यारों ने उसके शरीर पर चाकू से कई वार भी किया था।

यह भी पढ़ें: नहीं रहे मशहूर सिंगर Pankaj Udhas, 72 साल की उम्र में हुआ निधन...गजल गायकी को दिया नया आयाम

संबंधित समाचार