रायबरेली: चोरी के बाद दुकान में लगाई आग, लाखों का सामान राख

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

साहबगंज बाजार में किराना की दुकान में घटना को दिया अंजाम

सलोन/रायबरेली, अमृत विचार। किराने की दुकान में सेंधमारी करके चोरी की घटना को अंजाम देने वाले बदमाशों ने पेट्रोल डालकर आग लगा दिया। चौकी से चंद कदम की दूरी पर हुई घटना से एक बार फिर पुलिस की निष्क्रियता की पोल खुली है। किराना की दुकान में हुई आगजनी और चोरी की घटना से लगभग सात से आठ लाख रुपये का नुकसान सामने आया है।

पुलिस मामले को हादसा बताकर चोरी की घटना से पल्ला झाड़ रही है। कोतवाली अंतर्गत करहिया चौकी क्षेत्र के साहबगंज बाजार में पुत्ती लाल गुप्ता की किराने की थोक एवं फुटकर दुकान है। सोमवार को दुकान बंद करने के बाद सभी लोग घर चले गए। जबकि खाना खाने के बाद पुत्तीलाल का लड़का लल्लू और भाई निमारू दुकान के बाहर चारपाई डाल कर सो गए थे।

3

देर रात लगभग ढाई से तीन बजे के बीच अज्ञात बदमाशों ने दुकान के पीछे सेंध काटी इसके बाद अंदर घुस के गल्ले में रखे लगभग चालीस हजार रुपये पर हाथ साफ कर दिया। इसके बाद जाते जाते दुकान में पेट्रोल डालकर आग लगाकर फरार हो गए। दुकान के अंदर आग की लपटे देख दोनों चाचा भतीजे ने चीख पुकार मचानी शुरू कर दी।

इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से लगभग दो घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका। वही घटना के दौरान चौकी पुलिस वारदात स्थल से गायब रही। पीड़ित व्यवसाई के पुत्र दीपक गुप्ता ने चालीस हजार नगदी समेत सात से आठ लाख रूपये के नुकसान का अनुमान बताया है।

चौकी इंचार्ज राहुल मिश्रा का कहना है कि दीवार के पीछे दो ईट निकली है। संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगी है। चोरी हुई है या नहीं इसकी जांच की जाएगी। कोतवाल श्याम कुमार पाल ने बताया की घटना की सूचना पर पुलिस गई थी। मामले की जांच की जा रही है।

यह भी पढे़ं: बहराइच: पहले कुत्तों के झुंड ने दौड़ाया, फिर एक कुत्ता बाइक सवारों से टकराया, एक की मौत, दूसरा गंभीर

संबंधित समाचार