जीवा हत्याकांड: पुलिस ने दाखिल की चार्जशीट, शूटर विजय ने कुख्यात बद्दो को फोटो देख पहचाना    

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। राजधानी में संजीव माहेश्वरी उर्फ़ जीवा की हत्या के मामले में पुलिस ने चार्ज शीट दाखिल की है। मिली जानकारी के अनुसार इस चार्ज शीट में कुख्यात अपराधी बदन सिंह बद्दो को मुख्य साजिशकर्ता बताया गया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी शूटर विजय यादव ने पुलिस के सामने बद्दो की फोटो पहचानते हुए मरने वाले जीवा की सुपारी देने की बात कबूल की है। मिली जानकारी के अनुसार चार्ज शीट दाखिल कर पुलिस बद्दो की तलाश में जुटी है। 

गौरतलब है कि अपराधी बदन सिंह बद्दो की पुलिस को काफी लम्बे समय से तलाश है। उसके ऊपर पांच लाख रुपये का इनाम भी घोषित है। बता दें कि साल 2019 में बद्दो पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया था और इस समय उसके विदेश में होने की सम्भावना जताई जा रही है। विजय ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि बद्दो से उसकी मुलाकात नेपाल में हुई थी,जहाँ उसे जीवा को मारने की सुपारी दी गई थी। 

बताते चलें कि संजीव माहेश्वरी उर्फ़ जीवा की हत्या लखनऊ जिला अदालत में पेशी के दौरान कर दी गई थी। वकील की ड्रेस में आये हत्यारों ने उसे ताबड़तोड़ गोलियां मारी थीं। मौके से शूटर विजय यादव को पकड़ा गया था। इस पूरे मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया था। 

ये भी पढ़ें -लखनऊ: अधिवक्ताओं से मारपीट करने वाले पुलिसकर्मियों पर FIR दर्ज

संबंधित समाचार