पीलीभीत: पूर्व चेयरमैन के पुत्र समेत चार पर FIR, महिला के प्लाट पर कब्जा करने का आरोप
पीलीभीत/बरखेड़ा, अमृत विचार: महिला को बेचे गए प्लाट का जमीन मालिक ने दोबारा पूर्व चेयरमैन के पुत्र से सौदा कर दिया। कूटरचित दस्तावेजों की मदद से प्लाट का बैनामा करा लिया गया और राबिश -मिट्टी डालकर प्लट पर कब्ज करने की कोशिश की गई। पुलिस ने उस वक्त शिकायत को अनसुना कर दिया। अब कोर्ट के आदेश पर पूर्व चेयरमैन के पुत्र समेत चार नामजद पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
कोर्ट के आदेश पर दर्ज की गई रिपोर्ट में गजरौला थाना क्षेत्र के ग्राम पचपेड़ा ताल्लुके सहपुरा वाहनपुर निवासी विमला देवी ने बताया कि 25 मई 2017 को उसने एक प्लाट कुछ लोगों से बरखेड़ा क्षेत्र में खरीदा था। जिसमें तत्कालीन चेयरमैन के पुत्र शकील अहमद, बरेली जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांधीटोला मोहल्ला निवासी आमोद वैश्य ने राबिश मिट्टी डालकर कब्जा करना शुरू कर दिया।
निर्माण के लिए ईंटों को भी राबिश में दबा दिया। इसकी जानकारी मिलने पर जब पड़ताल की गई तो पता चला कि पीड़िता को बेची गई जमीन को उक्त लोगों ने दोबारा तत्कालीन चेयरमैन के पुत्र व उसके साथी को बेच दिया है।
जबकि पूर्व चेयरमैन के पुत्र को पहले से पता था कि पीड़िता इस प्लाट को खरीद चुकी है। जालसाजी करते हुए पहले से बिक चुके प्लाट पर कब्ज करने की नियत से बैनामा करा लिया गया। इसकी शिकायत उस वक्त पुलिस से की गई लेकिन सुनवाई नहीं हुई। तब जाकर पीड़िता ने कोर्ट की शरण ली।
जिसके बाद कस्बा बरखेड़ा निवासी बेचेलाल, राजाराम, शकील अहमद और आमोद वैश्य के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। इंस्पेक्टर अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि विवेचना में साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- Pilibhit: 40 लाख की डकैती में नए सिरे से पड़ताल...एक्शन मोड में SP अविनाश पांडेय, पीड़ित से की मुलाकात
